फतेहाबाद के लालबत्ती चौक पर वाहनचालकों के चालान काटते हुए पुलिसकर्मी।
फतेहाबाद। शहर के लालबत्ती चौक पर शनिवार दोपहर को ट्रैफिक पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दुपहिया वाहनों के दस्तावेज जांचे गए। कागज पूरे न मिलने पर ट्रैफिक पुलिस ने 60 दुपहिया वाहनों के चालान काटे। इस दौरान बुलेट मोटरसाइकिल का 20 हजार 500 रुपये का चालान काटा गया।
बुलेट मोटरसाइकिल चालक को जब ट्रैफिक पुलिस टीम ने रोकने का इशारा किया तो उसने दौड़ा लिया और नगर परिषद कार्यालय में ले गया। यहां पर दूसरा गेट बंद मिला। मौके पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी पहुंच गए और काबू कर लिया। टीम ने इस दौरान नियम पूरे न करने पर चालक का 20 हजार 500 रुपये का चालान किया। ट्रैफिक थाना के एसआई भागमल और हेतराम ने बताया कि अभियान चलाकर 60 वाहनों के चालान काटे गए। नियम पूरे न करन वाले दुपहिया वाहन चालकों पर करीब 1.10 लाख का जुर्माना किया गया है।