फतेहाबाद में पुलिस द्वारा पकड़ा गया कंटेनर और शराबस्त्रोत पुलिस विभाग
फतेहाबाद। नेशनल हाइवे पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने कंटेनर से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। वहीं चालक मौका देखकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी एसआई ओमप्रकाश ने बताया कि हुडा पुलिस चौकी की टीम गश्त के दौरान भूना रोड फ्लाईओवर के पास मौजूद थी। इस दौरान सूचना मिली कि एक गाड़ी में रखे कंटेनर में भारी मात्रा में शराब भरी हुई है और वह सिरसा से हिसार की तरफ जाने वाला है। इस पर पुलिस टीम ने हिसार-सिरसा बाईपास पर नाकेबंदी करके वाहनों की जांच शुरू कर दी।
तभी सिरसा की तरफ से एक बंद बॉडी कंटेनर आ रहा था। नाकाबंदी को देखकर चालक ने कंटेनर को कुछ ही दूरी रोक लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। पुलिस ने एक्साइज इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार की मौजूदगी में जब कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें से अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 635 बोतल और 5568 पव्वे बरामद हुए।
इस पर पुलिस ने कंटेनर व शराब को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।