फतेहाबाद में पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी स्त्रोत पुलिस विभाग
फतेहाबाद। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने सोमवार को पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण किया। परेड के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, ईमानदारी, पारदर्शिता और जनहितैषी पुलिसिंग के साथ अपराध व भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि कानून का पालन करने वाले आम नागरिक को पुलिस अपना मित्र और सहयोगी नजर आए जबकि अपराधियों में कानून का भय होना चाहिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि थाना, चौकी या पुलिस कार्यालय में शिकायत लेकर आने वाले लोगों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करें।
शिकायतकर्ता की बात गंभीरता से सुनकर उसकी शिकायत पर तत्काल संज्ञान लिया जाए ताकि उसे अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि फतेहाबाद पुलिस में रिश्वतखोरी और पद के दुरुपयोग के लिए कोई जगह नहीं है।
भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों की जगह जेल में है। इस दौरान डीएसपी भट्टू कलां जगदीश कुमार, डीएसपी भूना नरसिंह आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।