प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 21 दिनों के लिए पूरे देश में घोषित किए गए लॉकडाउन का असर रतिया में भी देखने को मिला। हालांकि यहां पर बुधवार सुबह सब्जी आदि की रेहड़ियां कुछ देर के लिए लगी जिसके बाद लोग सब्जियां खरीदने के लिए बाहर निकले। उधर बुधवार सुबह शहर की किरयाणा एवं मेडिकल की दुकानों पर भी भीड़ देखने को मिली। हालांकि रतिया पुलिस ने सुबह दस बजे रेहड़ी चालकों व किरयाणा दुकानों को बंद करवाकर उन्हें घर भेज दिया।
बुधवार सुबह 11 बजे के बाद शहर थाना प्रभारी विक्रम सिंह की अगुवाई में एक विशेष टीम शहर में गश्त लगाती रही और माइक सिस्टम से बाजार में घूम रहे लोगों व वाहन चालकों को घर जाने की चेतावनी दी। बुधवार दोपहर होते-होते पुलिस सख्ती के मूड में आ गई और दोपहर को भी सड़क पर बिना वजह घूम रहे युवकों पर हलका बल प्रयोग भी किया। इतना ही नहीं, कुछ बाइक सवार युवकों से पुलिसकर्मियों ने उठक-बैठक भी करवाई।
इससे पहले प्रशासन द्वारा मंगलवार देर रात को भी शहर की किरयाणा की दुकानों, दूध डेयरियों व मेडिकल की दुकानों को चिन्हित करके उनकी दुकानों के आगे एक सफेद गोल दायरे बनाए ताकि सामान लेने वाले उपभोक्ता उन गोल दायरों में ही खड़े हों, ताकि सोशल डिस्टेसिंग की जा सके।
सीमावर्ती इलाकों में दिखा व्यापक असर, पंजाब के साथ लगती सीमाएं सील
कोरोना वायरस से बचाव के लिए बुधवार से शुरू किए गए लॉकडाउन के तहत रतिया क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में इसका व्यापक असर देखने को मिला । पुलिस द्वारा पंजाब से आने वाले सभी रास्ते सील कर दिए गए। सरकार के निर्देशों पर किए गए लॉकडाउन के अंतर्गत पुलिस द्वारा रतिया क्षेत्र के सभी सीमावर्ती रास्तों को नाकाबंदी कर सील कर दिया गया। इस दौरान पंजाब के लोगों को हरियाणा में नहीं आने दिया पुलिस द्वारा रतिया सरदूलगढ़ मार्ग के गांव बीराबदी, हांसपुर में रतिया बोहा-बुढलाडा मार्ग पर गांव ब्राह्मणवाला व रतिया झनीर मानसा मार्ग पर गांव पिलछियां में पुलिस द्वारा नाकेबंदी कर पंजाब के सभी रास्तों को सील कर दिया गया।
दूसरी ओर पंजाब क्षेत्र में कर्फ्यू के चलते भी वहां के लोगों ने भी हरियाणा से पंजाब में और पंजाब से हरियाणा में आने की कोशिश नहीं की इस दौरान सड़कों के दोनों ओर सन्नाटा पसरा रहा नहीं जब इस बारे में सदर थाना अध्यक्ष कपिल सिहाग से बात की तो उन्होंने बताया कि सरकार व पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार रतिया क्षेत्र के सभी सीमावर्ती गांवों में नाके लगाकर हरियाणा पंजाब सीमा को सील कर दिया गया है।
सर्व समाज सभा ने विभिन्न कर्मचारियों को बांटे मास्क
सर्व समाज सभा द्वारा आज लॉकडाउन के दौरान शहर में कर्मचारियों व अन्य को मास्क वितरित किए। प्रधान सतपाल जिंदल ने कहा कि सभा द्वारा आज नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों, बिजली कर्मचारियों, पुलिस कर्मियों के अलावा सब्जी की दुकानों व रेहड़ियों पर मास्क वितरित किए हैं ताकि लोग मास्क लगाकर ही अपना कार्य करेंगे और बीमारी से बचाव कर सकें। उन्होंने कहा कि सभा द्वारा लोगों को कोरोना महामारी को फैलने से रोकने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है और लोगों को घरों में रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि हम इस जंग को जीत सकें। इस मौके पर कामरेड अजमेर सिंह, गुरप्रीत सिंह नैन, रणधीर सिंह मौलिया, एडवोकेट धीरज मोंगा, डा. नजीर मोहम्मद आदि उपस्थित थे।