फतेहाबाद में लोगों को नशे को लेकर जागरूक करते हुए पुलिसकर्मी स्त्रोत पुलिस विभाग
फतेहाबाद। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत पुलिस नशे के खिलाफ लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इस अभियान का उद्देश्य केवल नशे पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि नशा पीड़ितों को उपचार और पुनर्वास के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।
इसी के तहत एसआई सुंदर के नेतृत्व में नशा मुक्ति टीम ने स्वामी नगर और अशोक नगर क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने लोगों से संवाद कर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी और दूर रहने का संदेश दिया। अभियान के दौरान 6 नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इन सभी की मौके पर ही काउंसिलिंग कर नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना भट्टू और थाना रतिया की ईआरवी टीमों ने लाए गए एक-एक नशा पीड़ित को डॉक्टरों से संपर्क कर नागरिक अस्पताल फतेहाबाद और रतिया में भर्ती करवाया। वहीं टोहाना डिवीजन में सहायक उपनिरीक्षक सज्जन कुमार के नेतृत्व में नशा मुक्ति अभियान के तहत सर्वे और संपर्क अभियान चलाया गया।
इसके साथ ही इंदिरा कॉलोनी, वार्ड तीन में किए गए सर्वे के दौरान तीन नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इन सभी की काउंसिलिंग कर नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।