फतेहाबाद। शहर के मिनी बाईपास के पास से एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने गश्त के दौरान तीन युवकों को गांजा के साथ पकड़ा है। मोटरसाइकिल सवार तीनों युवकों के पास से पुलिस ने 3 किलो 170 ग्राम गांजा बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी तस्कर कुलदीप उर्फ दीप उर्फ फीगो निवासी भूना व विक्रम उर्फ टिटु निवासी उकलाना जिला हिसार और मनजीत उर्फ घोड़ा निवासी भूना के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए आरोपी तस्करों को वीरवार को कोर्ट में पेश किया गया। मामले के मुताबिक एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम शहर के मिनी बाईपास पर गश्त कर रही थी। इस दौरान बिघड़ रोड की तरफ मोटरसाइकिल सवार तीन युवक आ रहे थे। टीम को देखकर तीनों युवक मुड़ने लगे। टीम ने शक के आधार पर तीनों युवकों को काबू कर लिया। युवकों के पास टीम को बैग मिला। टीम ने नियम अनुसार बैग की जांच की। जांच के दौरान बैग में से 3 किलो 170 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में बताया कि यह गांजा तीनों का है। एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम इंचार्ज रिछपाल सिंह ने बताया कि तीन युवकों को गांजा के साथ पकड़ा है। आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।