गांव बरसीन में पुलिस की गाड़ी की नई बोलेरो गाड़ी के साथ हुई टक्कर
फतेहाबाद। गांव बरसीन में बस स्टैंड के पास मंगलवार को सिरसा पुलिस की बोलेरो ने फल खरीदने रुके युवक की नई बोलेरो में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गांव सरवरपुर निवासी सज्जन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना सामने आया है।
सज्जन कुमार अपनी नई काले रंग की बोलेरो में चौबारा गांव में रिश्तेदार से मिलने जा रहा था। बरसीन बस स्टैंड के पास उसने फल खरीदने के लिए गाड़ी सड़क किनारे रोकी। फल खरीदने के बाद वह गाड़ी का दरवाजा खोलकर अंदर बैठने लगा। इसी दौरान पीछे से आई सिरसा पुलिस की तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान के चबूतरे पर जा चढ़े। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घायल सज्जन को संभाला और अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिरसा नंबर की पुलिस बोलेरो में तीन लोग सिविल ड्रेस में सवार थे। बताया गया कि वाहन एक ब्रेकर के पास अनियंत्रित हुआ और नई बोलेरो से जा टकराया। सिरसा पुलिसकर्मी मधुबन जा रहे थे।
सूचना मिलने पर फतेहाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सिरसा पुलिस वाहन में सवार तीनों पुलिसकर्मियों को अपने साथ ले लिया। वहीं सज्जन के रिश्तेदार सतबीर और योगेश ने पुलिसकर्मियों की लापरवाही से हादसा होने का आरोप लगाया।
शहर थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। प्रथम दृष्टया वाहन के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।