रतिया। नाजायज हथियार रखने के आरोप में पुलिस ने रतिया में चार युवकों को गिरफ्तार कर इनके पास से दो पिस्तौल व कारतूस बरामद किए हैं। एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस की टीम एएसआई रिछपाल सिंह को सूचना मिली कि संजय निवासी ढाणी बबनपुर कई संगीन अपराधों के मुकदमों में वांछित अपराधी है, और असलहा लेकर अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर रतिया की नहर काॅलोनी में आपराधिक वारदात को अंजाम देने आया हुआ है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक घबरा गए और मोटरसाइकिल लेकर भागने लगे। शक के आधार पर पुलिस कर्मचारियों ने इनका पीछा कर इन्हें कुछ ही दूरी पर काबू कर लिया। पूछताछ में इन युवकों ने अपना नाम संजय निवासी ढाणी बबनपुर, सुमित कुमार निवासी पुरानी गऊशाला वार्ड 4 रतिया, आकाशदीप उर्फ शैरी निवासी सरदूलगढ़ हाल चैनेवाला जिला मानसा व रितिक निवासी बुढलाडा रोड रतिया बताया। पुलिस ने जब इनकी तलाशी ली तो संजय के पास से एक पिस्तौल 315 बोर व एक कारतूस, सुमित के पास से एक पिस्तौल 32 बोर, आकाशदीप व रितिक के पास से एक-एक कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। इस पर पुलिस ने चारों युवकों को गिरफ्तार कर थाना शहर रतिया में इनके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। संवाद