फतेहाबाद। गर्मी बढ़ने के साथ पानी की मांग तेज हुई तो सप्लाई व्यवस्था की पोल भी खुल गई। हालात ऐसे हैं कि जिन नलों से साफ पानी पहुंचने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं से बीमारियों का खतरा बह रहा है। छह माह की जांच रिपोर्ट ने साफ है कि हर पांचवां पानी का सैंपल मानकों पर खरा नहीं उतरा।
जनस्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 16 सितंबर 2025 से 30 अप्रैल 2026 तक बैक्टीरियोलॉजिकल जांच में 2873 सैंपल लैब में परखे गए। इनमें 2217 पास मिले जबकि 656 सैंपल अनफिट पाए गए। यानी करीब 22 फीसदी पानी पीने योग्य नहीं मिला। फिजिकल और कैमिकल जांच में भी 141 सैंपल जांचे गए जिनमें पांच जगहों का पानी पीने लायक नहीं था।
स्थिति और गंभीर इस वजह से भी है कि शहर फतेहाबाद में सर्वे के दौरान 315 जगहों पर पानी की लीकेज मिली। टोहाना में चार माह के भीतर 49 स्थानों पर पाइप लाइनें टूटी मिलीं। लीकेज वाली पाइप लाइनों में गंदा पानी मिलने का खतरा लगातार बना रहता है। यही कारण है कि पेट दर्द, उल्टी-दस्त और संक्रमण जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। संवाद
-
स्वयं सहायता समूह के जिम्मे लगाई जिम्मेदारी
जनस्वास्थ्य विभाग ने फतेहाबाद और टोहाना में पानी के सैंपल लेने और लीकेज ढूंढने की जिम्मेदारी महिला स्वयं सहायता समूह के जिम्मे है। टीम ने फतेहाबाद में 1648 सैंपल लेकर जांचे हैं। टीम को 315 जगहों पर लीकेज मिली है। टोहाना में टीम ने 906 सैंपल लिए हैं और 46 जगहों पर लीकेज मिली है।
-
600 से ज्यादा कनेक्शन काटे
जनस्वास्थ्य विभाग अवैध कनेक्शनों काटने का अभियान चला रहा है। जिले में पिछले वित्त वर्ष में 1140 लोगों को अवैध कनेक्शन पर नोटिस दिए गए हैं और करीब 620 कनेक्शन विभाग काट चुका है।
-
लघु सचिवालय में व्यर्थ बह रहा पानी
लघु सचिवालय में भी पानी व्यर्थ बह रहा है। यहां पर कूलर और टंकियां ओवरफ्लो होने के बाद पानी व्यर्थ बहता रहता है। यहां पर पानी बचाने के बारे में कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
-
मोटर जली 5 कॉलोनियों में पानी संकट
खैराती खेड़ा रोड पर बने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर पानी की मोटर जल गई। इसके चलते दो दिन से 5 कॉलोनियों में पानी सप्लाई प्रभावित है। इसमें हंस कॉलोनी, स्वामी नगर, मातूराम कॉलोनी, हरनाम सिंह कॉलोनी, सेक्टर तीन, पुलिस लाइन क्षेत्र शामिल है। बुधवार को मोटर खराब हुई थी। वीरवार देर शाम को मोटर ठीक की गई। शुक्रवार सुबह सप्लाई शुरू हुई तो मोटर दोबारा से खराब हो गई। कर्मचारी शुक्रवार को भी मोटर को ठीक करने में जुटे रहे। वार्ड 12 के पार्षद मोहन लाल नारंग ने बताया कि चौधरी कॉलोनी के कुछ घरों में जल आपूर्ति नहीं हो रही। स्थानीय निवासी कपिल तनेजा, भूषण सरदाना, ओम मिढ़ा, राकेश मेहता आदि के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को समस्या बारे मौखिक व लिखित रूप से अवगत करवा चुके है लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। वहीं गांव भिरड़ाना में शुक्रवार को भी लोगों के घरों में पानी न पहुंचने पर टैंकर का सहारा लेना पड़ा।
-
गांवों में बिजली कट से परेशान ग्रामीण, सब स्टेशन पर हंगामा
बिजली का लोड बढ़ने से गांवों में कट लगने भी शुरू हो गए हैं। बिजली के कटों से परेशान ग्रामीणों ने वीरवार रात को गांव माजरा के सब स्टेशन पर हंगामा किया। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली के बेवजह कट लगाए जा रहे हैं। गांव भिरड़ाना में भी वीरवार रात को दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही।
-
एक सप्ताह में दोगुनी हुई बिजली खपत, जल रहे ट्रांसफार्मर
जिले में पिछले एक सप्ताह में बिजली की खपत दोगुनी हो गई है। हालात ये है कि रोजाना दो से तीन ट्रांसफार्मर जिले में जल रहे है। फ्यूज उड़ने की रोजाना 20 से 25 शिकायतें आ रही हैं। कर्मचारियों की कमी से फतेहाबाद शहर में निगम ने अस्थाई ट्रांसफार्मर की गाड़ी पर व्यवस्था की हुई है। जहां पर शिकायत आती है वहां पर अस्थाई ट्रांसफार्मर को जोड़ा जाता है। जिले में पिछले शुक्रवार को बिजली खपत 59.27 लाख थी जो कि वीरवार को 83.52 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफामर्र 24 से 30 घंटे में बदला जा रहा है।