फतेहाबाद। बड़ोपल में बरसाती पानी निकासी परियोजनाओं का शिलान्यास करते पूर्व विधायक दुड़ाराम। विज
फतेहाबाद। गांव बड़ोपल क्षेत्र में खेतों से बारिश के पानी की निकासी के लिए खारा खेड़ी माइनर के साथ 900 एमएम व्यास की आरसीसी एनपी-3 पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना पर लगभग 9.75 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। मुख्य पाइपलाइन की लंबाई लगभग 8.6 किलोमीटर होगी।
पाइपलाइन निर्माण का उद्देश्य बारिश के दौरान खेतों में होने वाले जलभराव को रोकना और खेतों में फसलों को नुकसान से बचाना है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की ओर से गांव बड़ोपल और चिंदड़ में बारिश के पानी निकासी के लिए बनने वाली परियोजना का शिलान्यास वीरवार को पूर्व विधायक दुड़ाराम ने किया।
पूर्व विधायक दुड़ाराम ने कहा कि गांव चिंदड़, सारंगपुर तथा खासा महाजन क्षेत्र के खेतों से बारिश के पानी की निकासी के लिए भी अलग परियोजना पर कार्य किया जाएगा। इस योजना का नक्शा एवं प्रस्ताव हरियाणा स्टेट ड्रेनेज एवं फ्लड कंट्रोल बोर्ड की 57वीं बैठक में स्वीकृत किया गया है। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल मिलाकर लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इन्हें मानसून सीजन से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हजारों एकड़ कृषि भूमि को जलभराव से राहत मिलेगी। जिससे फसलें सुरक्षित रहेंगी और खेती की उत्पादकता बढ़ेगी। बारिश के मौसम में खेतों में पानी भरने से किसानों को हर वर्ष भारी नुकसान उठाना पड़ता था लेकिन अब यह कार्य उनकी वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा। इस अवसर पर सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता विमल कुमार, अधिशासी अभियंता विनोद कुमार आदि उपस्थित रहे।