फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल से पत्नी को अग्रोहा मेडिकल ले जा रहे व्यक्ति पर साले समेत चार लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि झांसा देकर एंबुलेंस से नीचे उतार कर उसे पीटा गया।
पुलिस को दिए बयान में काठमंडी निवासी राजेंद्र ने बताया कि वह फोटोग्राफर है। तबीयत खराब होने पर 11 अगस्त को उसने पत्नी को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। थोड़ी देर बाद आए ससुराल पक्ष के लोगों की मांग पर डॉक्टर ने उसे अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया। इसके लिए वह एंबुलेंस में पत्नी, सास और साली के साथ बैठा था।
जब एंबुलेंस गेट के पास पहुंची तो अशोकनगर निवासी हन्नी ने उसे उतार दिया और मोटरसाइकिल से चलने के लिए कहा। इसलिए वह एंबुलेंस से उतरकर मोटरसाइकिल पर बैठ गया। आरोप है कि साले आशीष, रतिया निवासी साढू सुनील, मुकेश और हन्नी ने अस्पताल की दीवार के पास ले जाकर ईंट से हमला किया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। कुछ देर बाद वहां पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया। राजेंद्र के बयान पर शहर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।