टोहाना। शहर से 8 किलोमीटर दूर स्थित कालवन के एक घर की रसोई में मॉनिटर लिजर्ड नामक छिपकली घुसने पर खलबली मच गई। छिपकली के घर में आते देख परिवार बाहर दौड़ पड़ा और बाद में मोहल्ले में भी भय का माहौल बना रहा। इसके बाद सहारा रेस्क्यू टीम को सूचना भेजकर बुलाया गया। टीम ने घंटे भर की मशक्कत के बाद मॉनिटर लिजर्ड को रेस्क्यू किया और वन्य क्षेत्र में छोड़ दिया।
दोपहर के समय कालवन में रहने वाले और टोहाना सदर थाने में तैनात पुलि कर्मी विकास के मकान में गोह घुस आई। काफी लंबी छिपकली को देखकर लोग डर गए। जब तक उसे काबू नहीं किया गया, तब तक आसपास के लोग भी इसी डर में रहे उसके पकड़े जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली। फतेहाबाद पशु क्रूरता निवारण कमेटी एसपीसीए मेंबर, पर्यावरण एवं वन्य जीव प्रमुख नवजोत ढिल्लों ने बताया कि छिपकली घर में पानी और खाने की तलाश में घूमती रही और बाद में घर की रसोई में छुप गई। काफी देर उसकी तलाश की गई और फिर मिली तो उसे बाहर निकाला गया।
खाने की तलाश में बस्तियों में पहुंचती हैं
नवजोत ढिल्लों ने बताया कि मॉनिटर लिजर्ड खाने की तलाश में घरों तक पहुंच गया। आमतौर पर यह बस्तियों से दूर रहते है। रेस्क्यू टीम के मेंबर विक्रम कुमार ने बताया कि यह जहरीले नही होते हैं और इंसानों पर भी हमला नही करते है। यह शर्मीले स्वभाव का जीव होता है। इसके पंजों की पकड़ काफी मजबूत होती है। पहले के जमाने में राजा महाराजा या सैनिक युद्ध के दौरान किसी किले की चढ़ाई में इनका उपयोग किया करते थे। लोग डर की वजह से इन्हें मार देते हैं लेकिन यह इंसानों को नुकसान नहीं पहुंचाते हैं।