मुकेश खुराना। सरकार के नियमों को ताक पर रखकर अगर आप पेंशन ले रहे हैं, तो थोड़ा सावधान हो जाइए। क्योंकि अगस्त माह के बाद पेंशन विभाग सर्वे शुरू करने जा रहा है। अगर जांच में पेंशन फर्जी मिलती है, तो कार्रवाई के साथ विभाग ब्याज समेत राशि वसूल कर सकता है। हां, इससे पहले अगर पेंशन छोड़ते हैं तो किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होगी, साथ ही विभाग सम्मानित भी करेगा।
पेंशन को लेकर प्रदेश सरकार वैसे तो पूरे सिस्टम को ऑनलाइन कर चुकी है और पात्रों को बैंक खातों के माध्यम से पेंशन मिल रही है। सरकार ने पेंशन को लेकर कुछ बदलाव किए हैं। अगर इन नियमों से इतर कोई पेंशन ले रहा है, तो वह फर्जी मानी जाएगी। ऐसे पेंशनर्स को विभाग ने अगस्त माह तक का समय दिया है। पेंशनर्स अपनी इच्छा से पेंशन छोड़ सकता है। इसके बाद सितंबर माह के करीब जिला समाज कल्याण विभाग सर्वे शुरू करेगा। अगर कोई पेंशनर नियमों को ताक पर रखकर पेंशन लेते हुए मिलता है, तो उससे 12 प्रतिशत ब्याज समेत राशि वसूली जाएगी।
पेंशन कटवाने के लिए देनी होगी साधारण एप्लीकेशन:
पेंशनर अगर अपनी पेंशन कटवाना चाहता है, तो वह जिला समाज कल्याण विभाग में जाकर अधिकारियों के नाम एप्लीकेशन लिखकर दे कि वह इस कारण से पेंशन नहीं लेना चाहता है। विभाग पेंशनर के पत्र के आधार पर पेंशन काट देगा और उससे ज्यादा पूछताछ भी नहीं की जाएगी। इसके बाद विभाग सर्वे शुरू कर जांच करेगा कि कोई गलत ढंग से पेंशन तो नहीं ले रहा।
खाते अपलोड में अंबाला सबसे आगे तो सोनीपत सबसे पीछे:
जिला अपलोड प्रतिशत
अंबाला 99.14
महेन्द्रगढ़ 98.59
पंचकूला 98.54
हिसार 98.51
भिवानी 98.35
रोहतक 98.13
फतेहाबाद 98.12
जींद 98.07
पलवल 98.02
सिरसा 98.02
पानीपत 97.90
झज्जर 97.88
कुरुक्षेत्र 97.76
फरीदाबाद 97.74
रेवाड़ी 97.72
गुड़गांव 97.59
यमुनानगर 97.48
कैथल 97.22
करनाल 96.44
मेवात 96.15
सोनीपत 94.98
जो पेंशनर अगस्त माह तक अपनी पेंशन छोड़ देगा, उसे सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उसके बाद सर्वे कर जांच शुरू की जाएगी। अगर जांच में कोई गलत ढंग से पेंशन लेते हुए मिलता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्याज समेत राशि वसूली जाएगी।
इंद्रा यादव
जिला समाज कल्याण अधिकारी फतेहाबाद