फतेहाबाद। लघु सचिवालय परिसर में धरना देते पटवार व कानूनगो। संघ
फतेहाबाद। नए इंतकाल पोर्टल की तकनीकी दिक्कतों और डिजिटल क्रॉप सर्वे सहित विभिन्न मांगों के समाधान के लिए पटवारियों ने वीरवार से लघु सचिवालय परिसर में दो दिवसीय सांकेतिक धरना शुरू किया। राज्य पटवारी संघ के आह्वान पर हुए धरने की अध्यक्षता जिला उपप्रधान कृष्ण कुमार पटवारी ने की।
कृष्ण कुमार पटवारी ने कहा कि नए इंतकाल पोर्टल में करीब पांच महीने से तकनीकी दिक्कतें हैं। पोर्टल सुचारू रूप से काम नहीं कर रहा है। इससे आम जनता को परेशानी हो रही है। कई बार जनता और पटवारियों के बीच विवाद की स्थिति बन जाती है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम अन्य एजेंसी से करवाए जाने पर भी पटवारियों में रोष है। सर्वे समय पर पूरा नहीं होने से किसानों को अपनी फसल भेजने में परेशानी हो सकती है। एसोसिएशन ने सरकार से सभी समस्याओं का दो दिन में समाधान करने की मांग की।
एसोसिएशन ने समाधान नहीं होने पर धरना आगे भी जारी रखने की चेतावनी दी। इस अवसर पर जिला प्रधान सुरेश कुमार, जिला कैशियर बलबीर सिंह, सीताराम पटवारी, विक्रम डारा और मोहन लाल सहित जिलेभर के पटवारी व कानूनगो मौजूद रहे।