फतेहाबाद। पंचायत समिति फतेहाबाद की ग्रामीण विकास से जुड़ी बैठक पिछले आठ माह से नहीं हुई है। नवंबर 2025 में हुई पिछली बैठक के बाद अब तक अगली बैठक नहीं बुलाई गई। इससे पंचायत समिति सदस्यों में नाराजगी है।
सदस्यों का कहना है कि बैठक नहीं होने से गांवों की समस्याओं और विकास कार्यों की स्थिति पर अधिकारियों के साथ चर्चा नहीं हो पा रही है। कई सदस्य इस संबंध में बीडीपीओ से मुलाकात कर बैठक बुलाने की मांग भी कर चुके हैं। पंचायत समिति सदस्यों के आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नालियों, पेयजल, सफाई और स्ट्रीट लाइट सहित कई समस्याएं पिछले काफी समय से लंबित हैं।
इनसे संबंधित शिकायतें और मांगें लगातार सामने आती रहती हैं। पंचायत समिति की बैठक में इन मुद्दों को उठाकर संबंधित विभागों के अधिकारियों से जवाब लिया जाता है तथा आवश्यक प्रस्ताव भी पारित किए जाते हैं। लंबे समय से बैठक नहीं होने के कारण ऐसे मामलों पर चर्चा का अवसर नहीं मिल पा रहा है।
बीडीपीओ से कर चुके है मुलाकात, लेकिन कोई सुनवाई नहीं
वार्ड 24 से सदस्य फकीर चंद, वार्ड 18 से सदस्य अनिल कुमार, वार्ड 5 से सदस्य रमेश कुमार, वार्ड 16 से सदस्य प्रतिनिधि वीरेंद्र भादू व वार्ड 26 से सदस्य प्रतिनिधि रविन्द्र गोदारा ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कोई पत्र नहीं लिखा है लेकिन वह तत्कालीन बीडीपीओ से काफी बार बैठक करवाने से संबंधित मिल चुके हैं पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द बैठक बुलाकर ग्रामीण विकास की ओर ध्यान देना चाहिए।
वार्ड सदस्यों के आरोप गलत है। पंचायत समिति की बैठक समय-समय पर होती रहती है ताकि गांवों का विकास सुचारू रूप से चलता रहे।
- अजय बरसीन, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, पंचायत समिति, फतेहाबाद।