भूना (फतेहाबाद)। भूना के ढाणी भोजराज गांव में अंतरजातीय विवाह करने पर युवक के परिवार का पंचायत ने सामाजिक बहिष्कार करने और गांव छोड़ने का फरमान सुनाया है। युवक के पिता का आरोप है कि गांव में रहने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। युवक और युवती शादी के बाद से 31 जनवरी से भूमिगत हैं। वहीं, पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को उकलाना रोड स्थित डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे दो घंटे धरना दिया। इसके बाद थाने पहुंचकर पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
ढाणी भोजराज की युवती और बीटेक फाइनल वर्ष के छात्र सचिन (22) 31 जनवरी की रात लापता हो गए थे। युवती के पिता ने दो फरवरी को गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज करवाया था। सचिन पर युवती को बहला-फुसलाकर कर ले जाने के आरोप लगाए गए थे। बाद में जानकारी मिली की दोनों ने 4 फरवरी को अंतरजातीय विवाह कर लिया है।
इस मामले में पांच फरवरी से लेकर 13 तक गांव में कई दौर की पंचायत हुई। पंचायत में युवक-युवती के साथ लड़के के परिवार के सदस्यों का बहिष्कार करने का फरमान सुनाया। पीड़ित परिवार के मुखिया का आरोप है कि पंचायत ने लस्सी से लेकर किराना दुकान से खाद्य सामग्रियों के खरीदने पर पाबंदी लगा दिया है। इतना ही नहीं गांव में उनके परिवार से संबंध रखने वालों पर 21 हजार रुपये जुर्माना और मुख्य चौक में माफी मंगवाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, भीम आर्मी के सदस्य एडवोकेट कुलदीप बौद्ध, टेकराम, दिनेश बौद्ध, हरपाल सिंह के नेतृत्व में पीड़ित परिवार के मुखिया ने पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए लिखित शपथ पत्र दिया।
दुकानदार की ऑडियो भी हो रही है वायरल
गांव में किराना की दुकान के संचालक ने युवक के परिवार को खाद्य सामग्री देने से इन्कार कर दिया। ऑडियो में दुकानदार कह रहा है कि वह सामान नहीं दे सकता। क्योंकि पंचायत में नियम का उल्लंघन करने पर 21 हजार रुपये का जुर्माना और मुख्य चौक में माफी मांगने का फैसला हुआ है।
पंचायत में शामिल और अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई
युवक के पिता ने पुलिस-प्रशासन से इस मामले में पंचायत में शामिल और अन्य लोगों के खिलाफ कृष्ण चेयरमैन, भागचंद बेरा, गोपाल झाझड़ा, सतबीर सिंह, अजमेर सिंह, रामप्रसाद, फौजी सुभाष, पवन कुमार, ओम प्रकाश व 50 अन्य लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
गांव की मर्यादा को लेकर युवक-युवती को दूर रखने के लिए हुई थी चर्चा: सरपंच प्रतिनिधि
ढाणी भोजराज गांव के सरपंच प्रतिनिधि राजेश कुमार ने बताया कि पड़ोसी युवक-युवती ने भाग कर प्रेम विवाह कर लिया। इस पर युवक और युवती को गांव से दूर रखने के लिए सामाजिक तौर पर नसीहत दी गई थी। मगर, किसी भी तरह का सामाजिक बहिष्कार नहीं किया गया है। जांच अधिकारी एसएचओ प्रदीप कुमार ने कहा कि गांव में स्थिति पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। अनुसूचित जाति वर्ग के साधुराम ने पुलिस को लिखित में शुक्रवार की शाम को शिकायत दी है। ग्रामीणों को हिदायत दी गई है कि वे कानून के खिलाफ कोई भी कदम नहीं उठाएं।