टोहाना (फतेहाबाद)। प्रदेश के विकास व पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने टोहाना के किसान रेस्ट हाउस में हुई बैठक में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में पांच अधिकारी गैरहाजिर रहे। मंत्री ने गैरहाजिर अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मंत्री ने बिना तैयारी पहुंचे अधिकारियों को फटकार भी लगाई। पंचायत मंत्री ने कहा कि जाखल नगरपालिका क्षेत्र का दायरा बढ़ाया जाएगा और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।
पंचायत मंत्री की बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता केसी कंबोज, जिला खेल अधिकारी, एक्साइज विभाग अधिकारी, समाज कल्याण विभाग अधिकारी व डीएमयू मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारी नदारद रहे। इस पर पंचायत मंत्री ने एसडीएम प्रतीक हुड्डा को सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उचित जवाब न मिलने पर नियम 7 के तहत कार्रवाई की बात कही।
बबली ने बैठक में सिविल सर्जन कार्यालय से आए डिप्टी सीएमओ संगीता व एनएचएम के नोडल अधिकारी निरपाल सिंह से समैण पीएचसी के सुधार के बारे में बात की, तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पंचायत मंत्री ने कहा कि अगली मीटिंग में तैयारी करके आएं, जिस पर निरपाल सिंह ने कहा उन्हें आज की मीटिंग की जानकारी नहीं थी वे तो अल्ट्रासाउंड मशीन कार्यक्रम में आए थे, जिस पर एसडीएम प्रतीक हुड्डा ने कहा आपकी सीएमओ को लिखित पत्र दिया गया है। पंचायत मंत्री ने कहा कि जाखल नगरपालिका क्षेत्र का दायरा बढ़ाया जाएगा और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन भी वितरित किए।
बैठक में सीईओ जिला परिषद अजय चोपड़ा, एसडीएम प्रतीक हुड्डा, डीएसपी शमशेर सिंह, डीडीपीओ बलजीत सिंह चहल, जीएम शेरसिंह, पंचायती राज एक्सईएन देवेन्द्र सिंह, विनोद बबली, बीडीपीओ हुक्म चन्द, बीईओ राम रत्न व सुभाष भाम्भू, मनोज बबली, परियोजना अधिकारी जगदीश दलाल, व्यापार मंडल प्रधान रमेश गोयल, डीईटीसी अंजू सिंह, ब्लाक समिति चेयरमैन सुरेन्द्र कुमार, नपा सचिव महाबीर सिंह, एक्सईएन आदर्श सिंगला, अंकित वशिष्ठ, डीडीए राजेश सिहाग, डीएचओ श्रवण कुमार, ईओ संदीप सोलंकी, एसडीओ विजय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिला खेल अधिकारी व एक्साइज से कोई नही आए तो जताई नाराजगी
पंचायत मंत्री ने दमकोरा खेल स्टेडियम की स्थिति बारे जब खेल अधिकारी से पूछना चाहा, तो उनके मीटिंग से नदारद मिलने पर पंचायत मंत्री का पारा चढ़ गया तथा एसडीएम से कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही। वहीं, एक्साइज विभाग से कोई बड़ा अधिकारी नही आया तो एसडीएम से नोटिस जारी करने को कहा।
स्कूलों में लगाए जाएंगे सोलर सिस्टम
पंचायत मंत्री ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई से कहा कि स्कूलों में सोलर सिस्टम विकसित किया जाए ताकि बिजली की पूरी आपूर्ति स्कूल में हो तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो। वे स्कूल में चारदीवारी, कक्षा रूम, शौचालय, पीने के पानी की की समुचित व्यवस्था, सफाई और सुंदरीकरण पर जोर दें।
वैध काॅलोनियों में विकसित की जाए सुविधाएं
विकास एवं पंचायत मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये है कि जो 10 काॅलोनियां अभी वैध हुई हैं, इनके पानी, सीवरेज, बिजली सहित सभी सुविधा दी जाये। उन्होंने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे निकट भविष्य में वैध होने वाली 27 कॉलोनियों की भी रूपरेखा तैयार कर ले, उनमें भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।