फतेहाबाद जिला परिषद की चौधर के लिए बिसात एक बार फिर से बिछा दी गई है। जिप चेयरमैन पद के चुनाव के लिए आयोजित की जाने वाली जिला परिषद की पहली बैठक अब 6 मार्च को होगी। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश खोथ ने इसकी पुष्टि की है। खोथ ने यह भी दावा किया है कि जिला प्रशासन इस बैठक और जिप चेयरमैन पद के संभावित चुनाव को लेकर भी पूरी तरह तैयार है।
बराला के लिए नाक का सवाल, दौलतपुरिया के लिए साख बचाने का
फतेहाबाद जिला परिषद चेयरमैन का चुनाव अब पूरी तरह से दो खेमों में बंटता दिख रहा है। एक खेमा सत्ताधारी भाजपा समर्थित पार्षदों का है जिसे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के विश्वस्त जिलाध्यक्ष वेद फुलां संभाल रहे हैं और दूसरा खेमा भाजपा विरोधी मोर्चे का है।
इनेलो विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया इस खेमे को संगठित करने में जुटे हैं। हालांकि दोनों ही पक्ष ये दावा करते नहीं थक रहे कि उनके खेमे का पार्षद ही जिप चेयरमैन की कुर्सी पर बैठेगा। इनेलो विधायक दौलतपुरिया के लिए ये साख बचाने का मौका है। क्योंकि जिला परिषद और सरपंच पद के चुनावों में इनेलो अधिकृत उम्मीदवारों को हार मिली है।
सरकार द्वारा फतेहाबाद में जिला परिषद की पहली बैठक के लिए 6 मार्च की तिथि आई है। हमारी पूरी तैयारी है। अगर बैठक के दिन कोरम पूरा होता है तो जिप चेयरमैन पद का चुनाव भी उसी दिन करवा दिया जाएगा।
राजेश खोथ, डीडीपीओ, फतेहाबाद