कुलां टोहाना रोड पर पलटी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली। संवाद
कुलां। रविवार शाम 4 बजे के करीब को कुलां-टोहाना रोड पर जा रही चावल के छिलके से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक से अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इससे बोरियां सड़क पर बिखर गईं। इस कारण सड़क दोनों तरफ से ब्लॉक हो गई। गनीमत यह रही कि इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे कोई वाहन नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर की स्पीड ज्यादा थी। इस कारण से चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका और एकदम से ट्रॉली पलट गई। ट्रैक्टर चालक बोरियां लेकर सलेमपुरी स्थित एक फैक्टरी में जा रहा था। उसी दौरान यह हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से सड़क के दोनों ओर जाम लग गया।
वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रॉली और सड़क पर बिखरी बोरियों को साइड करवा यातायात बहाल करवाया। करीब आधे घंटे तक रोड पर जाम की स्थिति रही। दोनों तरफ लगभग एक किलोमीटर लंबी वाहनों की लाइन लग गई।