सीआईए स्टाफ पुलिस की टीम ने गांव कन्हड़ी के नजदीक राहगीरों की लूटने का प्रयास करते दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी युवकों की पहचान ढाब बस्ती निवासी अजय व किल्ला मोहल्ला निवासी चंद्रप्रकाश के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से एक छुरा, राड व एक मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस द्वारा दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड पर लिया है। एसएचओ सुरेंद्रा ने बताया कि सीआईए स्टाफ पुलिस के पास गुप्त सूचना आई थी कि गांव कन्हड़ी के पास दो युवक हथियार लेकर लोगों को लूटने के प्रयास में खड़े है। सीआईए इंचार्ज की देखरेख में एएसआई जयवीर सिंह के नेतृत्व में टीम आरोपियों के पास गाड़ी से बत्ती उतारकर गई तो आरोपियों ने पुलिस गाड़ी पर लाइट मारकर रुकने का इशारा किया। आरोपियों ने पुलिस की टीम को लूटने का प्रयास किया तो दोनों को काबू कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एसएचओ सुरेंद्रा ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने शहर से 14 जनवरी को सायं के समय जिम से घर वापिस आ रहे आजाद नगर निवासी अजय व उसके दोस्त सुनील से पिस्टल के बल पर मोबाइल लूटने की घटना को कुबूल किया है। 16 जनवरी को भूना रोड निवासी सतपाल सिंह के बेटे ओंकार व भतीजे जश्नदीप से सब्जी मंडी के पास पिस्टल के बल पर मोबाइल छीनने व जान से मारने की धमकी देने की घटना, 17 जनवरी को अपनी दुकान बंद करके घर वापस आ रहे भाटिया नगर निवासी नानक सिंह से पिस्टल के बल पर फोन व नकदी छीनने की घटना को कुबूल किया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी।