फतेहाबाद के नगर परिषद कार्यालय में बैठक लेते हुए अधिकारी स्त्रोत नगर परिषद
फतेहाबाद। नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को बल्क वेस्ट जनरेटर्स के बारे में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ रमित, नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक सतपाल सैनी, सफाई निरीक्षक महेश कुमार सहित नगर के नागरिक अस्पताल, निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि और होटल संचालक उपस्थित रहे।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि जो संस्थान, अस्पताल, होटल या अन्य प्रतिष्ठान बड़ी मात्रा में कचरा उत्पन्न कर रहे हैं, उन्हें अब अपने स्तर पर उसका निस्तारण करना अनिवार्य होगा। एसडीओ रमित ने विशेष रूप से अस्पतालों से निकलने वाले बायोमेडिकल वेस्ट के बारे में चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अस्पताल परिसर में अलग-अलग रंगों के डस्टबिन लगाना अनिवार्य होगा ताकि बायोमेडिकल कचरे का सुरक्षित और मानक अनुसार निपटान हो सके।
मुख्य सफाई निरीक्षक सतपाल सैनी ने बताया कि नगर परिषद की ओर से पहले भी दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अब नियमों की अनदेखी करने वालों पर चालान और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सफाई निरीक्षक महेश कुमार ने भी संस्थानों से सहयोग की अपील की। बैठक में यह भी तय किया गया कि नगर परिषद समय-समय पर निरीक्षण अभियान चलाकर इन नियमों के पालन की समीक्षा करेगी। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।