फतेहाबाद। शहर के सिरसा रोड पर शनिवार देर शाम सिंगला धर्मकांटा पर संदिग्ध परिस्थिति में सिर में गोली लगने से 45 वर्षीय संचालक शिव नगर निवासी मनोज बंसल की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर फतेहाबाद शहर थाना प्रभारी प्रहलाद राय, सीन ऑफ क्राइम टीम इंचार्ज डॉ.जोगिंद्र टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
घटना के समय मृतक अपने दोस्त पूर्व पार्षद कुलवंत सावणा के बेटे पलविंद्र उर्फ पम्मा के साथ धर्मकांटे पर मौजूद था। बताया जा रहा है कि जिस पिस्तौल से गोली चली है, वह भी उसके दोस्त की पलविंद्र उर्फ पम्मा की थी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। मामले में अभी तक परिजन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है और सदमे में है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी। मामले के मुताबिक शिव नगर निवासी 46 वर्षीय मनोज बंसल फतेहाबाद के सिरसा रोड पर सिंगला धर्मकांटे पर पार्टनरशिप में काम करता था। शहर के पूर्व पार्षद कुलवंत सवणा का बेटा पलविंद्र के साथ उसकी दोस्ती थी, जो उसके पास आता-जाता था।
दो मिनट में हंसी-मजाक बन गया मातम
मौके पर मौजूद लोगों के द्वारा बताया जा रहा है कि मनोज अपने दोस्त के साथ धर्मकांटे पर बने कमरे में बैठे थे। पलविंद्र कुछ समय पहले ही सिरसा से लौटा था। पलविंद्र ट्रक चलाने का काम करता है। बताया जा रहा है कि पलविंद्र के पास पिस्तौल थी और पिस्तौल को लेकर हंसी मजाक व बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पिस्तौल से गोली चल गई और गोली मनोज के कान के पास जा लगी। जिस पर वहां हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पलविंद्र अन्य लोगों के साथ मनोज को अस्पताल ले आया, जहां परिजनों को भी सूचित किया गया। यहां पर चिकित्सकों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी खोल सकती है राज
मामले में सीसीटीवी फुटेज राज खोल सकती है कि गोली किस परिस्थिति में चली है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक सीसीटीवी फुटेज चेक नहीं की गई है। परिजनों के बयान के बाद ही आगे की कार्रवाई करेंगे।
आसपास के लोग बोले, मनोज गोली से पहले डर रहा था
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग एक-दूसरे से चर्चा करते हुए मिले। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि मनोज मिलनसार था। पांच मिनट पहले ही वह मनोज से मिलकर आया था और वह अपने दोस्त के साथ बैठा था और पिस्तौल से गोली चलने को लेकर हंसी-मजाक कर रहे थे। इस दौरान मनोज बार-बार कह रहा था कि उसे तो डर लगता है।
एक साल पहले हुई थी दुर्घटना
शहर के शिव नगर निवासी मनोज बंसल करीब एक साल पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। मनोज के दो बच्चे हैं जिसमें एक लड़का व एक लड़की है। शहर थाना प्रभारी प्रहलाद राय ने बताया कि मामले में फिलहाल जांच चल रही है। प्राथमिक दृष्टया में ये ही सामने आया है कि कमरे में बैठे थे और गोली चली है। गोली कैसे चली है, क्या कारण रहे हैं, इसको लेकर अभी जांच जारी है। परिजन जो बयान देंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को होगा पोस्टमार्टम
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सीन ऑफ क्राइम टीम की जांच में अभी ये ही सामने आ रहा है कि एक फायर हुआ है और गोली कान के पास लगी है। दूसरी तरफ हड्डी बाहर निकली हुई है। एक्सरे के बाद ही गोली का पता चल पाएगा कि आरपार हुई है या अंदर ही है।