फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल को करीब पांच साल बाद सर्जन मिला है। डॉ. हिमांशु बंसल ने कार्यभार संभाल लिया है। विशेषज्ञ के आने बाद नागरिक अस्पताल में अपेंडिक्स, हर्निया, पित्ते के थैली के ऑपरेशन शुरू हो गए हैं।
अस्पताल में पिछले काफी समय से सर्जन का पद खाली था। इस कारण मरीजों को उपचार के लिए निजी अस्पताल या फिर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज हिसार जाना पड़ रहा था। अब विशेषज्ञ के आने से नागरिक अस्पताल में ही मरीजों को फायदा मिलेगा।
अस्पताल में फिलहाल लैप्रोस्कोप मशीन न होने के कारण ओपन ऑपरेशन शुरू किए गए हैं। विशेषज्ञों की माने तो दूरबीन तकनीक से ऑपरेशन करवाना लोग ज्यादा सुविधाजनक मानते हैं। नागरिक अस्पताल में रोजाना 950 से 1050 तक मरीजों की ओपीडी होती है।
-
हिसार से आएगी लैप्रोस्कोप मशीन
नागरिक अस्पताल को सर्जन मिलने के बाद दूरबीन ऑपरेशन शुरू होने की उम्मीद जगी है। अस्पताल में हिसार से लैप्रोस्कोप मशीन भेजे जाने के आदेश जारी हुए हैं। अब अस्पताल प्रशासन मशीन मंगवाने की प्रक्रिया शुरू करेगा। मशीन आने के बाद अस्पताल में दूरबीन से ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू हो जाएगी। इसका फायदा आयुष्मान पैनल में शामिल मरीजों को मिलेगा। सरकार की तरफ से पित्त की थैली के दूरबीन तकनीक से ऑपरेशन सरकारी के लिए रिजर्व किए जा चुके हैं।
-
फोरेंसिक विशेषज्ञ का तीन माह बाद ही तबादला
नागरिक अस्पताल को करीब तीन माह पहले मिले फोरेंसिक विशेषज्ञ का अब सिरसा तबादला कर दिया गया है। गली-सड़ी हालात में आने वाले शवों के पोस्टमार्टम की सुविधा यहां शुरू हुई थी। पहले इन शवों को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा भेजा जा रहा था। अब यहां से विशेषज्ञ का तबादला कर दिया गया है।
-
नागरिक अस्पताल में सर्जरी की सुविधा शुरू हो गई है। उम्मीद है जल्द ही लैप्रोस्कोप मशीन भी आ जाएगी। दूरबीन ऑपरेशन से ज्यादा चीर-फाड़ की जरूरत नहीं पड़ती है।
- डॉ. हिमांशु बंसल, सर्जन, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।
-
नागरिक अस्पताल में सर्जन ने कार्यभार संभाल लिया है और ऑपरेशन भी शुरू कर दिए हैं। जल्द ही दूरबीन ऑपरेशन की सुविधा भी अस्पताल में शुरू हो जाएगी। हिसार से लैप्रोस्कोप मशीन के निर्देश जारी हो चुके हैं।
- डॉ. बुधराम, एसएमओ, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।