फतेहाबाद। सरकारी अस्पतालों में तैनात डॉक्टर मांगों को लेकर 27 दिसंबर को हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान सरकारी अस्पतालों में ओपीडी पूरी तरह से बंद रहेगी। अगर डॉक्टरों की मांगे पूरी नहीं होती है तो दो दिन बाद 29 दिसंबर को डॉक्टर पूरी तरह से हड़ताल शुरू करेंगे और इमरजेंसी भी सेवाएं नहीं देंगे। इसको लेकर हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसिस एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. भरत के नेतृत्व में डॉक्टरों ने एडीसी डॉ. ब्रहम्जीत सिंह और सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान डॉ. जयप्रकाश, डॉ. कुलदीप चौधरी आदि भी मौजूद रहे। एचसीएमएस के प्रधान डॉ. भरत ने कहा कि मांगों को लेकर सरकार को पहले भी अवगत करवाया जा चुका है लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। दो घंटे की हड़ताल पहले भी की जा चुकी है और काले बिल्ले लगाकर रोष भी व्यक्त किया गया है। एसोसिएशन की मांग है कि सरकार एसएमओ के पद पर सीधी भर्ती न करें, चौथी एसीपी का लाभ दिया जाए। सर्विस के दौरान पीजी बॉड में छूट दी जाए। डॉक्टरों का अलग से कैडर बनाया जाए। 27 दिसंबर को ओपीडी बंद रहेगी लेकिन इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। लेकिन 29 दिसंबर को पूरी तरह से शट डाउन कर दिया जाएगा। इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी।