फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में डिस्पेंसरी के बाहर बंद पंखे और बारी का इंतजार करते हुए मरीज
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को चार विशेषज्ञों की ओपीडी बंद रही। गर्मी के बीच उपचार की आस में आए मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा। रजिस्ट्रेशन काउंटर से ही मरीजों को वापस भेज दिया गया। हालात ये रहे कि अस्पताल में 8 में से 4 ओपीडी ही चली। इसके चलते अस्पताल में मरीजों की संख्या कम रही।
नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीत, मनोचिकित्सक डॉ. गिरीश, टीबी रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष टुटेजा की ओपीडी बंद रही। इसके अलावा कंसलटेंट डॉ. सुनीता सोखी की शिविर में डयूटी के चलते ओपीडी बंद कर दी गई। अधिकारियों के मुताबिक डॉ. प्रीत और डॉ. गिरीश की ओपीडी बुधवार को शुरू होगी। इसके अलावा डॉ. मनीष शुक्रवार को छुट्टी के चलते शनिवार को आएंगे।
गर्मी बढ़ने के कारण मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। वायरल बुखार, डायरिया, उल्टी के 10 से 12 मरीज अस्पताल में रोजाना आ रहे है। ओपीडी में विशेषज्ञ न होने के चलते मरीजों को इमरजेंसी में मेडिकल ऑफिसर से उपचार लेना पड़ रहा है। इसके अलावा कई मरीज निजी अस्पताल का सहारा ले रहे हैं।
गर्मी में साढ़े तीन घंटे खड़े रहे, नहीं दबाया बटन
नागरिक अस्पताल की डिस्पेंसरी के बाहर लगे पंखे सुबह 8 बजे से लेकर साढ़े 11 बजे तक बंद रहे। कारण ये रहा कि मरीजों और कर्मचारियों ने पंखे का बटन ही ऑन नहीं किया। अस्पताल प्रशासन की तरफ से पंखों का बटन भी डिस्पेंसरी के बाहर ही लगाया गया है लेकिन सुबह किसी ने बटन को दबाने की कोशिश ही नहीं कि जबकि गर्मी में खड़े रहे। मामला उठा तो पता चला कि बटन ही ऑन नहीं किया गया था और इसके बाद बटन दबाया गया।
कोट
तीन डॉक्टर शुक्रवार को छुट्टी पर थे। इसके अलावा डॉ. सुनीता सोखी कुछ देर के लिए शिविर में गई थीं। स्किन और मनोचिकित्सक की ओपीडी बुधवार को शुरू होगी।
-डॉ. सुभाष टुटेजा, एसएमओ