फतेहाबाद। शिक्षा विभाग ने एमआईएस पोर्टल पर विद्यार्थियों की हाजिरी लगाने के निर्देश दिए हैं। लेकिन 25 फीसदी स्कूल एमआईएस पोर्टल पर हाजिरी नहीं लगा रहे हैं। जिन स्कूलों में हाजिरी लगाई जा रही है वहां भी लापरवाही बरती जा रही है। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने रिपोर्ट जारी करके पोर्टल पर हाजिरी नियमित रूप से लगाने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 75 फीसदी स्कूलों में ही 69 फीसदी विद्यार्थियों की हाजिरी लग रही है। हाजिरी को लेकर लापरवाही बरतने वाले स्कूलों के खिलाफ शिक्षा विभाग कार्रवाई की तैयारी में है। जिला शिक्षा विभाग ने स्कूलों को रिपोर्ट भेजकर जवाब तलब किया है।
ये है एमआईएस पोर्टल पर हाजिरी लगाने की स्थिति
स्कूल हाजिरी लगा रहे विद्यार्थी विद्यार्थियों की लग रही हाजिरी
सीनियर सेकेंडरी 111 105 43400 26711
हाई स्कूल 36 30 4979 3592
मिडिल स्कूल 77 49 4160 3531
प्राइमरी स्कूल 386 270 31132 23150
आरोही स्कूल 5 5 1411 837
कुल स्कूल 615 459 85082 59127
निदेशालय स्तर पर की जा रही है मॉनिटरिंग
एमआईएस पोर्टल के जरिए शिक्षा विभाग निदेशालय हाजिरी को लेकर मॉनिटरिंग कर रहा है। रोजाना स्कूलों की रिपोर्ट ली जा रही है। निदेशालय स्तर पर बैठे अधिकारी जांच रहे हैं कि कितने विद्यार्थी स्कूलों में पहुंच रहे हैं और कितने अनुपस्थित हैं।
शिक्षक छुट्टी पर तो कौन लगाए हाजिरी
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्य चेयरमैन देवेंद्र सिंह दहिया का कहना है कि एमआईएस पोर्टल को लेकर दिक्कतें हैं। पोर्टल पर संबंधित कक्षा का ही शिक्षक हाजिरी लगा सकता है। जिस दिन संबंधित कक्षा का शिक्षक छुट्टी पर है तो उसकी हाजिरी नहीं लगाई जा सकती है।
जिले के सरकारी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वह विद्यार्थियों की एमआईएस पोर्टल पर हाजिरी लगाएं लेकिन कई स्कूल लारपवाही कर रहे हैं। इसको लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं। अगर लापरवाही बरती तो कार्रवाई होगी।
- दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी