फतेहाबाद पुरानी अनाज मंडी में लगीं गेहूं की ढेरियां ।
फतेहाबाद। फतेहाबाद की अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों में लदान का कार्य अभी भी ढीला पड़ा है। अब तक सिर्फ 50 फीसदी की गेहूं का उठान हो पाया है। धीमे उठान की वजह से अनाज मंडी में आढ़तियों व किसानों दोनों को परेशानियां हो रही हैं। जिले में गेहूं की आवक तो तेज हैं, लेकिन उठान न होने के कारण जिले की कई अनाज मंडियां गेहूं से अटी पड़ी हैं। उठान के मामले में हरियाणा वेयर हाउस एजेंसी सबसे पीछे चल रही है।
फतेहाबाद की अनाज मंडियों में अब तक चार लाख 41 हजार 708 एमटी गेहूं की आवक हो चुकी है। इसमें दो लाख 25 हजार 589 एमटी गेहूं का ही उठान हो पाया है। अभी भी अनाज मंडियों में दो लाख 16 हजार 219 एमटी गेहूं अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों पर पड़ा है। चार लाख 41 हजार 708 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है। इसमें से खाद्य आपूर्ति विभाग ने 92 हजार 605 मीट्रिक टन, हैफेड ने दो लाख 2 हजार 365 मीट्रिक टन, एचडब्ल्यूसी ने 83 हजार 856 मीट्रिक टन व एफसीआई ने 62 हजार 882 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है।
इसके साथ ही जिले में अब तक दो लाख 25 हजार 588 लाख मीट्रिक टन गेहूं की फसल का उठान किया गया है, जिसमें खाद्य आपूर्ति विभाग ने 47 हजार 373 मीट्रिक टन, हैफेड ने 98 हजार 867 मीट्रिक टन, एचडब्ल्यूसी ने 40 हजार 100 व एफसीआई ने 39 हजार 269 मीट्रिक टन गेहूं की फसल का उठान किया है।
एजेंसियों द्वारा उठान का डाटा
एजेंसी उठान
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग 50
हैफेड 48
हरियाणा वेयर हाउस 45
एफसीआई 60
कोट
जिले की अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों में गेहूं का उठान जोरों पर है। अब अनाज मंडियों में गेहूं की आवक भी कम हो रही है, जल्द ही उठान का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
-विनीत जैन, डीएफएससी, फतेहाबाद