फतेहाबाद। कोरोना महामारी को लेकर एक बार फिर से आरटीपीसीआर लैब शुरू होने जा रही है। जिला स्वास्थ्य विभाग के पास एक हजार जांच किट पहुंच गई है। बड़ोपल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आरटीपीसीआर सैंपलों की जांच हो सकेगी। पहले ये सैंपल जांच के लिए किट न होने के कारण अग्रोहा मेडिकल लैब में भेजे जा रहे थे।
किट आने के बाद जिला मुख्यालय की लैब में दो दिन ट्रायल होगा। इसके बाद यहीं जांच हो पाएगी। लैब यहां शुरू होने से फायदा ये होगा कि मरीजों को 24 घंटे में रिपोर्ट मिल जाएगी। पहले अग्रोहा लैब से रिपोर्ट आने में तीन से चार दिन का समय लग रहा है। रविवार को जिले में आरटीपीसीआर के 60 सैंपल लिए गए है।
आज होगी अस्पताल में मॉक ड्रिल
कोरोना महामारी को लेकर स्वास्थ्य विभाग जिले के 14 अस्पतालों में मॉक ड्रिल करेगा। ये मॉक ड्रिल सरकारी और निजी अस्पतालों में होगी। यहां पर अधिकारी निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा तैयारियां जांची जाएंगी। अस्पताल में दवाई और उपकरण की स्थिति की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। पिछले साल दिसंबर माह में भी मॉक ड्रिल की गई थी।
कोरोना महामारी से बचाव को लेकर एडवाइजरी जारी
- अपने हाथों को नियमित रूप से अच्छे से साबुन व पानी से धोएं।
- छींकने और खांसने के दौरान अपना मुंह व नाक रूमाल से ढकें।
- आपस में उचित दूरी रखते हुए एक-दूसरे का अभिभावन करें। बाहर निकलने पर मास्क लगाएं।
- स्वस्थ व स्वच्छ खांए। अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत रखें।
- बुखार-खांसी, सांस लेने में तकलीफ या अस्वस्थ महसूस होने पर डॉक्टर की सलाह लें।
कोट
कोरोना महामारी से बचाव को लेकर जिले में तैयारियां पूरी है। सोमवार को मॉक ड्रिल करके व्यवस्थाएं भी जांची जाएंगी। जिले में आरटीपीसीआर सैपलिंग भी बढ़ाई जा रही है।
-मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन