फतेहाबाद। लघु सचिवालय में टाइपिस्टों के बैठने की जगह।
- फोटो : 1
फतेहाबाद। सरकारी कार्यालयों में शपथ पत्र, रसीद, घोषणापत्र, आवेदन और प्रमाण-पत्रों पर लगने वाली एक रुपये मूल्य की रसीदी स्टाम्प टिकट उपलब्ध नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लघु सचिवालय परिसर में बैठने वाले स्टाम्प विक्रेता के पास पिछले कई दिनों से एक रुपये की स्टाम्प टिकट का स्टॉक समाप्त है। इसके चलते कई जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और लोगों को काम के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
जिला ट्रेजरी कार्यालय में भी एक रुपये की स्टाम्प टिकट का स्टॉक खत्म हो गया है। इसी कारण ट्रेजरी कार्यालय स्टाम्प विक्रेताओं को टिकट उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। स्टाम्प विक्रेताओं का कहना है कि टिकट नहीं होने से उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेजरी कार्यालय में स्टॉक उपलब्ध न होने के कारण वे लोगों को टिकट नहीं दे पा रहे हैं।
लघु सचिवालय परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग शपथ पत्र, आवेदन, सत्यापन और अन्य दस्तावेजों से जुड़े कार्यों के लिए पहुंचते हैं। कई दस्तावेजों पर एक रुपये की स्टाम्प टिकट लगाना आवश्यक होता है। टिकट नहीं मिलने के कारण लोगों के काम समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं।
प्रशासन ने समस्या के समाधान के लिए भिवानी के खजाना अधिकारी कार्यालय से एक रुपये की स्टाम्प टिकट मंगवाई है। अधिकारियों के अनुसार नई खेप सोमवार तक फतेहाबाद पहुंचने की संभावना है। इसके बाद स्टाम्प विक्रेताओं को टिकट उपलब्ध करवाई जाएगी जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
एक रुपये की टिकट का स्टॉक खत्म है। नई टिकटों की मांग पहले ही भेज दी गई थी और अब भिवानी से टिकट भेजी जा रही हैं। सोमवार तक स्टॉक मिलने की संभावना है। इसके बाद वितरण शुरू कर दिया जाएगा, जिससे लंबित कार्य सामान्य रूप से पूरे हो सकेंगे।
- राकेश कुमार, जिला खजाना अधिकारी फतेहाबाद।