भट्टू कलां। भट्टूमंडी के मार्केट कमेटी कार्यालय परिसर में हड़ताल पर बैठे झराई, उतराई, भराई जैसे कार्य करने वाले मजदूरों ने शुक्रवार को भी हड़ताल जारी रखी। शाम को व्यापार मंडल सदस्यों, मार्केट कमेटी सचिव, किसान सभा सदस्यों व मजदूरों के बीच आपसी सहमति के बाद हड़ताल समाप्त करने का फैसला ले लिया गया।
फैसले के मुताबिक व्यापार मंडल सदस्यों ने मजदूरों को पहले मिल रहे 6.50 रुपये प्रति बैग की बजाय बढ़ाकर 7.75 रुपये प्रति बैग मजदूरी देने की हां भर ली। इस पर कुछ मजदूरों ने सहमति व्यक्त कर दी। प्रधान विजेन्द्र, भरता, सोनू देवी, वीना सहित कुछ मजदूरों ने फैसला मानने से इन्कार कर दिया और फिर धरने पर बैठ गए। हड़ताल का नेतृत्व मजदूर यूनियन के उपप्रधान अनिल राठौड़, सुनील, सोनू, राजू, अजय, गुलशन, बलराम ने फैसला मानते हुए काम पर लौटने की बात कही।
किसान सभा के जिला प्रधान विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि मजदूरी बढ़ाने की मांग पर सहमति बन चुकी है। शनिवार तक काम पर लौटने की उम्मीद है।