फतेहाबाद के मॉडल संस्कृति स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर जांच करते हुए संवाद
फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से रविवार को सुबह के सत्र में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल दो और शाम को एक की परीक्षा हुई। जिला मुख्यालय में बनाए गए 15 केंद्रों पर दोनों लेवल कर 5121 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के लिए 5926 अभ्यार्थियों ने आवेदन किए थे लेकिन 805 परीक्षा देने नहीं पहुंचे। परीक्षा को लेकर रविवार को भी सख्ती रही। चार लेयर की जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्रों के अंदर एंट्री दी गई।
सख्ती इतनी रही कि अभ्यार्थियों को रूमाल भी अंदर नहीं ले जाने दिए गए। इसके अलावा कलाई में बांधे गए धागों को उतरवा दिया गया। परीक्षा केंद्रों का उपायुक्त डॉ. विवेक भारती और एसपी निकिता खट्टर ने निरीक्षण किया। सुबह के सत्र की एचटेट लेवल दो टीजीटी की परीक्षा 15 केंद्रों पर हुई। इस परीक्षा के लिए 4535 अभ्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया हुआ था। परीक्षा देने के लिए 4001 अभ्यर्थी ही पहुंचे और 534 गैर हाजिर रहे।
इसी तरह से शाम के सत्र की लेवल एक पीआरटी की परीक्षा पांच केंद्रों पर हुई। परीक्षा के लिए 1391 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था लेकिन 1120 परीक्षा देने के लिए पहुंचे और 271 गैर हाजिर रहे। परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 500 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए जिले में सुबह सत्र के लिए 15 केंद्र बनाए गए। शाम के सत्र की परीक्षा महिला महाविद्यालय भोडिया खेडा खंड एक और दो, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल खंड एक और दो और मॉडल संस्कृति स्कूल में हुई।
-
भाजपाइयों ने खिलाया खाना
उमस भरी गर्मी के मौसम में एचटेट देने आने वाले विद्यार्थियों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसको लेकर भाजपा नेता हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कारपोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन भारत भूषण मिढ़ा की ओर से अरोड़वंश धर्मशाला में अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की सहायता के लिए व्यवस्था की गई। इस दौरान मिढ़ा की ओर से आने वालों के लिए चाय, पानी और खाने की व्यवस्था की गई तथा परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को बैठकर आराम करने और अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए कूलर भी लगवाए गए। चेयरमैन भारत भूषण मिढ़ा ने बताया कि जब सीईटी की परीक्षा थी तब भी मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई गई थी अब भी मुख्यमंत्री के आदेशानुसार ये सारी व्यवस्था की गई है।
-
केंद्रों के बाहर बच्चों को संभालते रहे परिजन
परीक्षा जिला मुख्यालय पर हुई। परीक्षा देने के लिए टोहाना, रतिया, भूना, जाखल, कुलां क्षेत्र से अभ्यर्थी पहुंचे। महिला अभ्यर्थियों के साथ छोटे बच्चे भी पहुंचे। महिलाओं के परीक्षा देने के लिए केंद्र में जाने के बाद बाहर परिजन बच्चों को संभालते नजर आए।