फतेहाबाद के अस्पताल रोड पर बनी बस स्टैंड की दीवार संवाद
फतेहाबाद। शहर को सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद इन दिनों करीब 35 लाख रुपये की लागत से दीवारों पर पेंटिंग और रंग-रोगन करवा रहा है लेकिन दूसरी ओर सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा के लिहाज से जरूरी मरम्मत के काम सवालों के घेरे में हैं। पुराना बस स्टैंड की अस्पताल रोड की ओर बनी दीवार तीसरी बार गिर चुकी है।
पहले गिरने के बाद दोबारा बनाई गई दीवार का हिस्सा भी अब झुक गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने का अंदेशा बना हुआ है। बस स्टैंड क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। ऐसे में जर्जर दीवार का बार-बार गिरना लोगों की सुरक्षा के प्रति चिंता बढ़ा रहा है।
चिंताजनक बात यह है कि दीवार पहले भी गिर चुकी है। इसके बाद इस दीवार का फिर से निर्माण करवाया गया था लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। अब दोबारा दीवार का हिस्सा झुकने से निर्माण की गुणवत्ता और मरम्मत कार्यों पर भी सवाल उठ रहे हैं।
-
35 लाख से हो रही पेटिंग
जिंदगी संस्था के अध्यक्ष हरदीप सिंह का कहना है कि एक तरफ नगर परिषद शहर की दीवारों को पेंटिंग के जरिए आकर्षक बनाने पर 35 लाख रुपये खर्च कर रहा है वहीं दूसरी तरफ बस स्टैंड जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थान पर जर्जर दीवार को लेकर अब तक स्थायी समाधान नजर नहीं आ रहा।