शहर की नई अनाजमंडी का निरीक्षण करने पहुुंचे खाद्य आपूर्ति विभाग के उच्च अधिकारी। स्रोत सूचना व
फतेहाबाद। अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं जिला प्रशासनिक सचिव विनीत गर्ग ने शनिवार शाम को जिले की अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों का दौरा किया। खरीफ खरीद सीजन के तहत नई अनाज मंडी तथा भोड़ियाखेड़ा-दौलतपुर रोड स्थित पराली पैलेट यूनिट का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने धान खरीद, फसल के उठान और किसानों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से खरीद प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में धान की खरीद प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार सुनिश्चित की जाए। खरीद के बाद फसल का उठान समय पर हो ताकि मंडियों में अनावश्यक भीड़ और किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. विवेक भारती, एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम राजेश कुमार, डीएफएससी कुशल बूरा सहित संबंधित विभागों और खरीद एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के उपनिदेशक सुरेंद्र सैनी ने उठान कार्य में तेजी लाने और खरीद प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
इसके साथ ही किसानों को उनकी फसल का भुगतान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन का उद्देश्य खरीद सीजन के दौरान सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना है।