फतेहाबाद। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में 14 अगस्त को मनाए जाने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस समारोह में पुरानी अनाज मंडी के शेड के नीचे मुख्य मंच बनेगा। मुख्य मंच के साथ ही ऑफिसर गैलरी, वीआईपी और मीडिया गैलरी होगी। समारोह में भाग लेने के लिए पंजाबी समाज से जुड़े कई विधायक भी शामिल होंगे। इनमें थानेसर के विधायक सुभाष सुधा, हांसी के विधायक विनोद भ्याना, जींद के विधायक कृष्ण मिड्ढा, यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा के नाम हैं। मंच पर मुख्यमंत्री के साथ सांसद, विधायकों व पंचनद स्मारक ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों सहित 25 से 30 लोगों को जगह मिलेगी।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल दो दिवसीय प्रवास पर फतेहाबाद आ रहे हैं। 14 अगस्त को पुरानी अनाज मंडी में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे जबकि दूसरे दिन 15 अगस्त को पुलिस लाइन में होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। डीसी मनदीप कौर और एसपी आस्था मोदी ने वीरवार को अधिकारियों के साथ पुरानी अनाज मंडी व पुलिस लाइन में कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री दौरे के मद्देनजर जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे अपनी ड्यूटी पूरी गंभीरता व जिम्मेदारी से करें। डीसी ने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुरानी अनाज मंडी और पुलिस लाइन क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान दें। जनस्वास्थ्य विभाग पीने के पानी की समुचित व्यवस्था करें। कार्यक्रम स्थलों पर बिजली व पानी के पुख्ता प्रबंध हो।
महिलाओं व पुरुषों के बनेंगे अलग-अलग सेक्टर
समारोह स्थल पर महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए जाएंगे। दर्शक दीर्घा में लोगों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था रहेगी। डीसी ने कहा कि पुलिस विभाग मुख्यमंत्री के रूट अनुसार ट्रैफिक व सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करें। हेलीपैड और पार्किंग स्थलों पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि वे पुरानी अनाज मंडी के कार्यक्रम स्थल पर अवरोधक लगाएं।
राज्यस्तरीय समारोह में 40 मिनट के होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
वहीं, पुलिस लाइन में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह में 40 मिनट की सांस्कृतिक, योग व पीटी शो की प्रस्तुतियां रहेंगी। समारोह करीब डेढ़ से दो घंटे तक चलने की संभावना है। डीसी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की टीमों को लेकर भी दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी आस्था मोदी, एडीसी डॉ. ब्रह्मजीत सिंह रांगी, एएसपी सृष्टि गुप्ता, एसडीएम राजेश कुमार, सीटीएम सुरेश कुमार, जिला परिषद सीईओ कुलभूषण बंसल, डीएमसी संजय बिश्नोई सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे।