संवाद न्यूज एजेंसी
जाखल। उपतहसील कार्यालय पर ताला लगाकर धरना दे रहे किसानों ने शनिवार को महापंचायत की। तालाबंदी के 36वें दिन उपतहसील को खुलवाने के लिए रतिया के एसडीएम जगदीश चंद्र, फतेहाबाद के सीटीएम परमेश सिंह, टोहाना के डीएसपी शमशेर सिंह व अन्य अधिकारी पहुंचे।
अधिकारियों ने पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष मनदीप नथवान, जाखल ब्लॉक प्रधान लाभ सिंह व उपप्रधान जग्गी महल सहित अन्य किसान नेताओं से करीब दो घंटे तक बातचीत की। अधिकारियों ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल की सोमवार को डीसी राहुल नरवाल के साथ बैठक करवाने की बात भी कही। इस दौरान तालाबंदी खोलने पर सहमति बन गई। किसानों ने एसडीएम जगदीश चंद्र से कहा कि उनकी मांगें मानने संबंधी घोषणा किसानों के बीच जाकर माइक पर करें। ऐसा करने से एसडीएम ने मना कर दिया। इससे किसान रोषित हो गए और उन्होंने धरना जारी रखने का ऐलान कर दिया।
15 से 20 दिन का समय देने के लिए भी तैयार थे किसान
प्रदेशाध्यक्ष मनदीप नथवान व ब्लॉक प्रधान लाभ सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि एसडीएम व अन्य अधिकारियों के साथ गंभीरता से बातचीत हुई थी। प्रशासन ने किसानों की मुआवजा संबंधी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। उन्होंने धरना उठाने और उपतहसील कार्यालय खोलने का आग्रह किया था। प्रतिनिधिमंडल ने आश्वासन दे दिया था कि एसडीएम माइक पर जाकर किसानों को मांगे मानने संबंधी भरोसा दिला दें, इसके बाद धरना स्थगित कर दिया जाएगा। एसडीएम ने मंच पर माइक में जाकर कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। किसान नेताओं ने कहा कि वे तो प्रशासन को 15 से 20 दिन का समय देने को भी तैयार थे, फिर भी एसडीएम नहीं मानें। अब धरना जारी रखते हुए किसानों की मांग को बुलंद किया जाएगा।
पूर्व मंत्री व उसके भाई पर केस दर्ज करने की मांग
मनदीप नथवान ने कहा कि 13 मार्च को जाखल में कार्यक्रम में पहुंचे तत्कालीन पंचायत मंत्री एवं टोहाना विधायक देवेंद्र सिंह बबली व उनके साथियों ने किसानों के साथ अभद्र व्यवहार किया। किसानों को धक्के मारे गए। गलत शब्द बोले गए। उनके खिलाफ जाखल थाना में शिकायत दी गई थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली, उसके भाई मनोज बबली व उनके साथियों पर केस दर्ज नहीं किया गया तो किसान 26 मार्च को टोहाना में पूर्व मंत्री के पुतले की शव यात्रा निकाल कर प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर समिति के जिला प्रधान ओमप्रकाश हसंगा, सुखचैन सिंह दहिया, नसीब सिंह, बलकार सिंह जाखल, हरविंदर सिंह, झंडा सिंह, कुलवंत सिंह चांदपुरा सहित कई किसान मौजूद रहे।
किसान नेताओं के साथ हमारी अच्छे माहौल में बैठक हुई। किसानों की मांगों पर फैसला उपायुक्त करेंगे। इसके लिए सोमवार को किसान नेताओं को बातचीत का न्योता दिया गया है। तब तक किसानों ने धरना जारी रखने का फैसला लिया है। - जगदीश चंद्र, एसडीएम, रतिया