संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। उच्च स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए जिले के 3 गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। जिला परिषद ने इसके लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। हालांकि इन उप स्वास्थ्य केंद्रों में लेबर रूम की सुविधा नहीं होगी, जिस कारण प्रसुताओं को नागरिक अस्पतालों में ही जाना पड़ेगा।
फतेहाबाद के गांव जांडवाला सोतर, पिलछियां व हड़ोली में तीन नए उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जाएगा। जिला परिषद ने इसके लिए टेंडर जारी किया है। इन उप स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को प्राथमिक इलाज व दवाओं के अलावा अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। जिला परिषद इन उप स्वास्थ्य केंद्रों की इमारतों का निर्माण करने के बाद इसे स्वास्थ्य विभाग को सुपुर्द कर देगा। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग यहां पर स्टाफ की नियुक्ति करेगा।
आरसीसी सड़क, शेड व सीवरेज लाइन का भी होगा निर्माण
गांव जांडवाला सोतर में 51 करोड़ 85 लाख 241 हजार, पिलछियां में 52 लाख 22 हजार 565 तथा हड़ौली में 52 लाख 67 हजार 671 रुपये की लागत से यह उप स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाएंगे। वहीं गांव बिढ़ाईखेड़ा में भी 25 लाख 23 हजार की लागत से आरसीसी सड़क, लोहे के शेड व सीवरेज पाइप लाइन का निर्माण किया जाएगा।
तीन गांवों में जिला परिषद की ओर से उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जाएगा। इनके टेंडर जारी कर दिए गए हैं। यह टेंडर 29 मार्च को खोले जाएंगे और इसके बाद संबंधित एजेंसी को काम का ठेका दे दिया जाएगा।
योगेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता, जिला परिषद फतेहाबाद।