फतेहाबाद। नगर परिषद से किसी को गृहकर का मैनुअल रिकॉर्ड लेना है तो वह नहीं मिलेगा। पिछले करीब चार सालों से गृहकर के रिकार्ड को लेकर नप ने रजिस्टर ही नहीं लगाए हैं। नगर परिषद अब गृहकर का अब मैनुअल रिकॉर्ड तैयार करवाने जा रहा है। इसके अलावा ऐसी एप भी तैयार करवा रहा है जिससे लोगों को गृहकर की सूचना मोबाइल पर दी जा सके। उन मकान मालिकों को भी नोटिस दिया जा सके जो गृहकर नहीं दे रहे हैं।
नगर परिषद रिकॉर्ड तैयार करने का काम निजी एजेंसी को देने जा रहा है। इसको लेकर नप ने टेंडर जारी किया है। चयनित एजेंसी रजिस्टर में मैनुअल रिकॉर्ड तैयार करेगी और एप भी देगी जिससे गृहकर की जानकारी आवासीय और कमर्शियल प्रॉपर्टी के मालिकों को दी जा सके। नप अधिकारियों की माने तो एजेंसी गृहकर को लेकर एक एप देगी। एप के जरिये प्रॉपर्टी मालिकों को बिल बांटे जाएंगे। नप टीम मौके पर जाएगी और प्रॉपर्टी की फोटो लेगी। इसके बाद मालिक को मौके पर ही गृहकर का बिल दे दिया जाएगा। अधिकारियों की माने तो इससे गृहकर की रिकवरी में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
सीमा में शामिल हुई नई कॉलोनियों में होगा सर्वे
प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर नगर परिषद सीमा बढ़ने के बाद शामिल हुई नई कॉलोनियों में भी सर्वे करवाने जा रहा है। इन नई कॉलोनियों में एजेंसी सर्वे करेगी और पता लगाएगी कि कितने घर हैं और औद्योगिक क्षेत्र कितना है। इसके बाद नप इन कॉलोनियों से भी गृहकर वसूल करेगी। सीमा बढ़ने के बाद नप में हंस कॉलोनी, स्वामी नगर, आजाद नगर शामिल हैं।
प्रॉपर्टी आईडी की स्थिति
आवासीय : 13140
खाली प्लाट : 2427
शैक्षणिक : 188
मिक्स प्रॉपर्टी : 4031
कोट
प्रॉपर्टी टैक्स के पिछले चार साल के रजिस्टर तैयार किए जाएंगे। एजेंसी को इसका काम दिया जाएगा। इसके अलावा एप भी मांगी गई है। एप से गृहकर के बिल बांटे जाएंगे। एप आने से रिकवरी में फायदा होगा।
- ऋषिकेश वर्मा, ईओ, नगर परिषद फतेहाबाद।