फतेहाबाद। एक नवंबर से छह लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले परिवार भी पांच हजार रुपये प्रीमियम देकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकेंगे। अब तक छह लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवार ही इस दायरे में शामिल थे।
नई व्यवस्था से अधिक आय वाले परिवारों को भी योजना का लाभ लेने का अवसर मिलेगा। अब तक आय सीमा के कारण योजना से बाहर रहने वाले परिवार निर्धारित प्रीमियम चुकाकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकेंगे। इसके लिए उन्हें पांच हजार रुपये का भुगतान करना होगा। कार्ड बनवाने की पात्रता और प्रक्रिया से संबंधित जानकारी लेकर परिवार योजना का लाभ उठा सकते हैं।
वहीं 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले पात्र परिवारों के लिए आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनाया जाता है। इन परिवारों को कार्ड बनवाने के लिए कोई प्रीमियम नहीं देना होता। नई व्यवस्था के तहत अधिक वार्षिक आय वाले परिवार भी निर्धारित शुल्क देकर योजना के दायरे में आ सकेंगे।
-
ये है स्थिति
आय प्रीमियम
1.80 लाख तक - निशुल्क
1.80 लाख से 3 लाख तक - 1500 रुपये
3 लाख से 6 लाख तक - 4000 रुपये
6 लाख से अधिक - 5000 रुपये
-
जिले के 23 निजी अस्पताल पैनल में शामिल
जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत 23 निजी अस्पताल पैनल में शामिल हैं। इन अस्पतालों में योजना के नियमों और पात्रता के अनुसार लाभार्थियों को उपचार की सुविधा मिलती है। फिलहाल स्थिति ये है कि कई गंभीर बीमारियों और सर्जरी पैकेज सरकारी अस्पतालों के लिए रिजर्व किए जा चुके हैं।
-
पहले आयुष्मान भारत योजना के तहत 6 लाख तक आय वाले परिवार शामिल थे। अब एक नवंबर से 6 लाख से ऊपर आय वालों को भी शामिल किया जाएगा। तय प्रीमियम भरकर आमजन इसका लाभ ले सकते हैं।
- डॉ. लाजवंती गौरी, उप सिविल सर्जन