फतेहाबाद/भूना। शिक्षा विभाग ने जांडली खुर्द के शहीद बलवंत राय राजकीय हाई स्कूल को अपग्रेड करते हुए सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दर्जा दे दिया है। सरकार के इस फैसले से अब वर्तमान शैक्षणिक सत्र से ही 11वीं और 12वीं की कक्षाएं विधिवत रूप से शुरू कर दी जाएंगी। विभाग ने प्रिंसिपल सहित पीजीटी के 14 नए पद स्वीकृत किए हैं। अब स्कूल में आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस तीनों संकाय में पढ़ाई हो सकेगी।
ग्राम पंचायत जांड़ली खुर्द के सरपंच बलवंत सिंह पूनिया ने बताया कि अब तक गांव के छात्र-छात्राओं को 10वीं पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए कई किलोमीटर दूर भूना, जांडलीकला या मोची-चौबारा के स्कूलों में जाना पड़ता था। दूरी अधिक होने के कारण विशेषकर छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था और कई बार उनकी पढ़ाई भी छूट जाती थी।
ग्रामीणों की मांग पर सरकार ने स्कूल को अपग्रेड करने की मंजूरी प्रदान की है। शिक्षा विभाग निदेशालय द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक इस स्कूल में विद्यार्थियों के लिए तीनों संकाय (आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस) शुरू किए गए हैं। स्कूल के सुचारू संचालन के लिए प्रिंसिपल के पद के अलावा विभिन्न विषयों के पोस्ट ग्रेजुएट टीचर के 14 नए पद और 3 लैब अटेंडेंट के पद स्वीकृत किए गए हैं।