फतेहाबाद। ठंड बढ़ने के साथ ही प्रदेश सरकार के निर्देशों पर जिले में लघु सचिवालय स्थित सभागार, सभी उपमंडल, ब्लॉक, नगर परिषद व नगरपालिका कार्यालयों में लगाए जा रहे समाधान शिविर के समय में परिवर्तन किया गया है। समाधान शिविर अब सुबह 9 से 11 बजे के स्थान पर सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक लगाए जाएंगे।
समाधान शिविरों का आयोजन सभी कार्य दिवसों पर होगा। वीरवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर की अध्यक्षता उपायुक्त मनदीप कौर ने की। उनके समक्ष लोगों ने जन्म प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र में आय, नाम आदि त्रुटि को दुरुस्त करवाने, दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने, पेंशन योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी।
उन्होंने अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि विशेषकर बिजली, जनस्वास्थ्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग, क्रीड, सिंचाई विभाग सहित जनता से सीधे रूप से जुड़े विभागों के अधिकारी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लें और उनका समाधान करें। किसी नागरिक के आवेदन में किसी प्रकार की औपचारिकता की कमी है तो उसे दस्तावेज पूरे करवाएं।
शिविर में सात शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से एक समस्या का मौके पर ही समाधान किया गया। शहरी स्थानीय निकाय विभाग व खंड स्तर पर लगे समाधान शिविर में एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसका भी मौके पर समाधान किया गया। इस मौके पर एसपी आस्था मोदी, एडीसी राहुल मोदी, सीईओ सुरेश कुमार, सीटीएम कैप्टन परमेश सिंह, डीडीए डॉ. राजेश सिहाग, कार्यकारी अभियंता सतीश देशवाल, संदीप मेहता, संजीव सहारण, डीईओ संगीता बिश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।