फतेहाबाद। नगर परिषद के सार्वजनिक शौचालयों पर अब 16 घंटे कर्मचारी तैनात होंगे। ये कर्मचारी ड्यूटी के दौरान सफाई रखेंगे और इसके अलावा रखवाली भी करनी होगी। नगर परिषद ने इसको लेकर प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इस प्रस्ताव में छह सार्वजनिक शौचालय चयनित किए गए हैं जहां पर कर्मचारी तैनात होंगे। इसके अलावा 10 शौचालय ऐसे हैं जहां पर सिर्फ एजेंसी के कर्मचारी तीन समय सफाई करेंगे।
नगर परिषद ने प्रस्ताव मंजूरी के लिए जिला नगर आयुक्त के पास भेजा है। यहां से मंजूरी मिलने के बाद नगर परिषद टेंडर लगाएगा। शहर के सार्वजनिक शौचालयों की सफाई न होने और सामान चोरी की शिकायतों के चलते पहली बार नगर परिषद ने कर्मचारी तैनात करने का फैसला लिया है। ये कर्मचारी सफाई के साथ-साथ रखवाली भी करेंगे।
हर माह शौचालयों की सफाई पर खर्च होंगे तीन लाख
शहर में करीब 16 सार्वजनिक शौचालय है और 15 यूरिन प्वाइंट हैं। इन शौचालयों की सफाई को लेकर नगर परिषद हर साल निजी एजेंसी को ठेका देता है। पहले एजेंसी को सिर्फ सफाई करनी होती थी लेकिन अब 6 शौचालयों पर कर्मचारी तैनात करने होंगे। नगर परिषद अधिकारियों की माने तो एक साल में शौचालयों की सफाई पर 36 लाख रुपये खर्च होंगे।
इन शौचालयों पर तैनात होंगे कर्मचारी
पपीहा पार्क
नगर परिषद
बस स्टैंड के सामने अनाजमंडी के पास
पुराना बस स्टैंड रेस्ट हाउस के सामने
ऑटो मार्केट
पार्किंग
कोट
शहर के सार्वजनिक शौचालयों की सफाई का ठेका खत्म हो गया था। अभी फिलहाल यहां नगर परिषद के कर्मचारी ही सफाई कर रहे हैं। नया प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है, मंजूरी के बाद टेंडर लगाया जाएगा।
-मुकेश शर्मा, सीएसआई, नगर परिषद