फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: 110 बकायादारों को दिए हैं नोटिस सरकारी दफ्तर भी बकाया सूची में

Sun, 14 Jun 2026 11:10 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
सचिव, नगर पालिका भूना
विज्ञापन
भूना। नगर निकाय ने 30 जून तक गृहकर जमा करने पर बकायादारों को ब्याज माफी दी है लेकिन इसके बावजूद बकायादार गृहकर नहीं भर रहे हैं। शहर में प्रॉपर्टी टैक्स का बकाया 20 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है। नगर पालिका ने 500 से ज्यादा लोगों को बकाया जमा करने के नोटिस भेजे हैं। इनमें से करीब 110 प्रॉपर्टी आईडी धारकों को डिफॉल्टर घोषित करने का नोटिस दिया जा चुका है।
विज्ञापन

नगर पालिका अधिकारियों के मुताबिक 30 जून के बाद इनकी प्रॉपर्टी सील करने की कार्रवाई शुरू हो जाएगी। सचिव दीपक कुमार ने कहा कि यह आखिरी मौका है। इसके बाद बकायादारों की प्रॉपर्टी सील की जाएगी और कानूनी कार्रवाई भी होगी। बकायेदारों की सूची में सिर्फ आम लोग ही नहीं हैं। कुछ निजी अस्पताल, स्कूल, शोरूम और पेट्रोल पंप भी शामिल हैं।
नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बड़े बकायादारों पर पहले कार्रवाई होगी। हैरानी की बात यह है कि प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने में सरकारी कार्यालय भी फिसड्डी साबित हो रहे हैं। लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी, उप तहसील, बस स्टैंड, मार्केट कमेटी और पब्लिक हेल्थ विभाग के कार्यालयों पर 1 से 2 करोड़ रुपये तक का टैक्स बकाया है। नगरपालिका ने सभी विभागों को पत्र लिखकर जल्द भुगतान करने को कहा है।
विज्ञापन

-

1246 प्रॉपर्टी, फिर भी सुस्ती
भूना नगर पालिका क्षेत्र में 1246 प्रॉपर्टी आईडी रजिस्टर्ड हैं। इनमें से बड़ी संख्या में लोग टैक्स जमा करने में देरी कर रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि 1 अप्रैल 2025 से अब तक लोगों ने 8 लाख रुपये से अधिक का टैक्स जमा करवा दिया है। नगरपालिका सचिव दीपक कुमार ने लोगों से अपील की है कि 30 जून से पहले बकाया टैक्स जमा कर 100% ब्याज माफी का फायदा उठाएं। उन्होंने कहा कि समय निकलने के बाद न तो ब्याज माफ होगा और न ही रियायत मिलेगी। सीधे प्रॉपर्टी सील और वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
-
विशेष काउंटर लगाए
गृहकर जमा कराने के लिए नगर पालिका ने विशेष काउंटर भी शुरू किए हैं ताकि लोग आसानी से टैक्स जमा कर सकें। ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। अधिकारियों का कहना है कि टैक्स से मिलने वाली राशि से शहर के विकास कार्य करवाए जाते हैं।

सचिव, नगर पालिका भूना

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें