गांव चंदो कलां में धान अवशेष जलाने को लेकर एसडीएम सुरेंद्र कुमार बैनीवाल ने घटना स्थल का दौरा किया और संबंधित किसान को नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। गांव चंदो कलां में दौरे के दौरान ग्राम सचिव भी मौके पर नहीं मिलने पर एसडीएम ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एसडीएम ने राजस्व, पंचायत विभाग के अधिकारियों को ये स्पष्ट निर्देश दिए है कि फसल अवशेषों को जलाने से रोकने के लिए जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी गांव में लगाई गई है वे अपनी ड्यूटी में ईमानदारी बरते और अगर इस प्रकार की कोई घटना घटित होती है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
उपमंडलाधीश ने रतिया क्षेत्र के किसानों से आग्रह किया है कि वे पराली के अवशेषों को न जलाएं। उन्होंने कहा कि सरकार व जिला प्रशासन द्वारा धान की फसल के अवशेष जलाने पर पूर्णरूप से प्रतिबंध किया है और जिला में धारा 144 भी लागू की गई है। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।