फतेहाबाद। शहर फतेहाबाद में चल रहे अवैध निर्माणों पर नगर परिषद की बिल्डिंग ब्रांच की नरमी को लेकर नगर निकाय एक्शन लेने के मूड में है। नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक ने भवन निरीक्षक विकास बजाज को नोटिस जारी करके चार माह की रिपोर्ट मांगी है। ये ही नहीं अगर कार्रवाई नही की है तो वजह भी बतानी होगी।
नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता द्वारा भवन निरीक्षक को जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि शहर फतेहाबाद के हिसार-सिरसा रोड, भट्टू रोड, रतिया रोड, देवीलाल मार्केट और कई अन्य जगहों पर अवैध निर्माण चल रहा है। जिन्हें मौके पर रोककर कार्यालय द्वारा कार्रवाई करनी चाहिए थी। लेकिन अवैध निर्माण की शिकायतें लगातार मिल रही है। अवैध निर्माण को लेकर जो कार्रवाई की है उसकी दो दिन में रिपोर्ट दी जाए।
इन बिंदुओं पर मांगी गई रिपोर्ट
- पिछले चार माह में शहर फतेहाबाद में अवैध निर्माण के कुल कितने नोटिस जारी किए गए।
- नोटिस जारी करने के बाद क्या कार्रवाई की गई।
- पिछले चार माह में जिन अवैध निर्माणों पर कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई तो उसका कारण क्या था।
- जिन निर्माण कार्यो का कार्य स्वीकृत नक्शा के अनुसार नहीं हो रहा है उन पर पिछले चार माह में क्या कार्रवाई की गई है।
अवैध होर्डिंग लगे तो कर्मचारी होंगे जिम्मेदार
शहर में लग रहे अवैध होर्डिंग को लेकर सफाई निरीक्षक को भी को भी नोटिस जारी हुए है। नोटिस में कहा गया है कि शहर में अवैध रूप से होर्डिंग लग रहे हैं। इन्हें तुरंत उतारा जाए। अगर कहीं दोबारा लगता है तो सफाई ब्रांच के एसआई जिम्मेदार होंगे।
कोट
शहर में कई जगहों पर अवैध निर्माण की शिकायतें मिल रही हैं। इसको लेकर भवन निरीक्षक से जवाब मांगा गया है कि पिछले चार माह में क्या कार्रवाई की गई है। अगर कोई अवैध रूप से निर्माण कर रहा है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद