फतेहाबाद/टोहाना/रतिया। जिले में विधानसभा चुनाव के दूसरे दिन एक भी नामांकन नहीं आया। शनिवार को टोहाना में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह बबली नामांकन दाखिल करेंगे। बबली के नामांकन के समय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपस्थित रहेंगे। इससे पहले टोहाना में ही वीरवार को निर्दलीय नरेंद्र कुमार ने नामांकन दाखिल किया था। अभी तक सिर्फ जिले में एक ही नामांकन आया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी मनदीप कौर ने बताया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन किसी भी विधानसभा से किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। नामांकन प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। टोहाना विधानसभा के लिए शुक्रवार तक केवल एक ही नामांकन प्राप्त हुआ है। नामांकन प्रक्रिया 12 सितंबर तक प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। रविवार को अवकाश के बाद सोमवार से ही नामांकन प्रक्रिया जोर पकड़ने की संभावना रहेगी।