फतेहाबाद। जिला मुख्यालय के लघु सचिवालय और न्यायिक परिसर के बाहर व अंदर लंबे समय से बनी जाम व अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या दूर करने की दिशा में जिला प्रशासन ने नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी है। मेन रोड व लघु सचिवालय के परिसर के अंदर तक सड़क के बीच ट्रैफिक कोन लगाए गए हैं, जिनसे दोनों दिशाओं की वाहन लेन स्पष्ट रूप से अलग हो गई हैं। इस व्यवस्था से सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग पर अंकुश लगेगा और कार्यालयों में आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
लघु सचिवालय और न्यायिक परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्ता, वादी और आम नागरिक पहुंचते हैं। वाहनों की अधिक आवाजाही तथा सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग के चलते अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। कई बार वाहन चालकों को अपने वाहन निकालने में परेशानी होती थी, जबकि पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता था।
नई व्यवस्था के तहत सड़क के बीच ट्रैफिक कोन लगाकर दोनों तरफ चलने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग लेन तय कर दी गई हैं। इससे वाहनों का आवागमन व्यवस्थित रहेगा और विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के बीच अनावश्यक बाधा नहीं बनेगी। साथ ही सड़क की उपयोगी चौड़ाई सुरक्षित रहने से यातायात का प्रवाह भी बेहतर होगा। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग पर प्रभावी रोक लगेगी।
-
अब निर्धारित स्थानों पर ही खड़े होंगे वाहन
वाहन चालकों को अब निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने होंगे। इससे सड़क पर अतिक्रमण कम होगा, जाम की स्थिति में कमी आएगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी। प्रशासन ने नागरिकों से नई व्यवस्था का पालन करने और यातायात नियमों का सम्मान करने की अपील की है। नियमों की अनदेखी करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकती है।
-
शहरवासियों ने सराहा नई व्यवस्था को
शहरवासी मनोज नारंग, पियूष, मोहम्मद अलीयास, सिकंदर सेठी, विकास शर्मा, राजेश पूनिया ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ट्रैफिक कोन लगने से यातायात अधिक अनुशासित होगा, अनावश्यक पार्किंग पर रोक लगेगी और लघु सचिवालय व न्यायिक परिसर के आसपास का क्षेत्र पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दिखाई देगा।
-
लघु सचिवालय और न्यायिक परिसर में पार्किंग व्यवस्था को सुधारने के लिए कुछ आवश्यक बदलाव किए गए हैं। इसके तहत उक्त स्थानों पर अनावश्यक पार्किंग से निजात मिलेगी।
-जय सिंह, प्रभारी यातायात पुलिस