फतेहाबाद सदर थाने का निरीक्षण करते एसपी सिद्धांत जैन। स्रोत : पुलिस विभाग
फतेहाबाद। जिले में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जनहितैषी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धांत जैन ने शुक्रवार को थाना सदर फतेहाबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मालखाना, रसोईघर, पुलिस बैरकों सहित संपूर्ण थाना परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
एसपी ने निरीक्षण की शुरुआत मालखाना से की। यहां उन्होंने जब्त किए गए सामान की स्थिति, सुरक्षा और रिकॉर्ड व्यवस्था की जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मालखाने में पारदर्शिता और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा रिकॉर्ड पूरी तरह अद्यतन रखे जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को किसी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके बाद उन्होंने थाना परिसर के रसोईघर का निरीक्षण किया। भोजन की गुणवत्ता और रसोई की स्वच्छता का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्यवर्धक, स्वच्छ और संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है।
थाना परिसर में पुलिस कर्मचारियों के आवास (बैरकों) की स्थिति का भी उन्होंने गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, मरम्मत और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पुलिसकर्मियों के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए थाने में खेलकूद और मनोरंजन की सुविधाएं जल्द शुरू की जाएं, जिससे तनावमुक्त और प्रेरणादायक वातावरण बन सके।
आमजन के साथ पुलिस के व्यवहार पर जोर देते हुए एसपी ने कहा कि थाने में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति सम्मान और संवेदनशीलता का पात्र है। चाहे वह शिकायतकर्ता हो, गवाह या कोई आगंतुक । पुलिसकर्मियों को जनसेवक की भावना के साथ व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि थाना आमजन के लिए भरोसे और न्याय का पहला दरवाजा है, इसलिए व्यवहार में नरम स्वभाव और सहानुभूति अनिवार्य है।