फतेहाबाद। नगर निकाय का एनडीसी पोर्टल शुक्रवार को शुरू हो गया। दो दिन तक पोर्टल बंद रहा था और इस दौरान गृहकर जमा नहीं हो पाया। पोर्टल नए अपडेट के साथ शुरू हुआ है। मौजूदा गृहकर पर नगर निकाय ने 10 फीसदी की छूट दी है।
जुलाई माह तक 10 फीसदी छूट के साथ गृहकर जमा हो पाएगा। जिले के पांच शहरों में करीब एक लाख प्रॉपर्टी है। हालांकि डोर टू डोर कचरा उठान के भुगतान को लेकर कोई राहत नहीं दी गई है। गृहकर के साथ कचरा उठान का भुगतान भी करना होगा। इसमें कोई छूट नहीं दी गई है। नगर निकाय ने पिछले साल कचरा उठान गृहकर के साथ जोड़ा था। नगर परिषद 5 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक डोर टू डोर कचरा उठान के यूजर चार्ज ले रहा है। इसके लिए अलग-अलग मानक तय किए गए हैं। शहर फतेहाबाद की बात करें तो यहां से रोजाना 35 से 40 टन कचरा निकलता है।
ये है डोर टू डोर के यूजर चार्ज
बीपीएल हाउस - 5 रुपये प्रति माह
100 स्क्वायर मीटर से 200 स्क्वायर मीटर तक - 40 रुपये
200 से 400 स्क्वायर मीटर तक - 50 रुपये
कॉमर्शियल
200 स्क्वायर फीट - 25 रुपये
नर्सिंग होम - 1500 रुपये
50 से 100 बेड अस्पताल - 3000 रुपये
50 से 400 बेड अस्पताल - 5000 रुपये
ये है जिले के पांच शहरों में प्रॉपर्टी
शहर प्रॉपर्टी
जाखल 4739
टोहाना 29330
रतिया 19266
भूना 11719
फतेहाबाद 41595
नोटिसों के बाद भी नहीं हुई रिकवरी
नगर परिषद ने पिछले साल 50 हजार से ज्यादा प्रॉपर्टी टैक्स बकायादारों को नोटिस दिए थे। इसके अलावा एजेंसी के जरिए डोर टू डोर बिल भी बांटे गए लेकिन रिकवरी मात्र डेढ़ करोड़ तक हो पाई है। प्रॉपर्टी मालिक छूट का इंतजार करते रहे। करीब 30 करोड़ रुपये गृहकर बकाया है।
-
एनडीसी पोर्टल शुरू हो गया है। छूट के साथ प्रॉपर्टी मालिक गृहकर जमा करवा सकते हैं। जिन्होंने गृहकर जमा नहीं करवाया है उन्हें नोटिस दिया जाएगा।
गोविंद, सचिव, नगर परिषद