टोहाना में जाम लगा रहे मृतका के परिजनों से बातचीत करते डीएसपी शमशेर सिंह।
टोहाना(फतेहाबाद)। उपमंडल के गांव ढेर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में परिजनों ने ससुरालजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस मांग को लेकर मृतका के परिजनों ने टोहाना के हिसार रोड पर जाम लगा दिया और कहा कि जब तक गिरफ्तारियां नहीं होती तब तक वे जाम नहीं खोलेंगे। जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है। इसके बाद परिजनों ने साढ़े तीन घंटे बाद जाम खोला। इस मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया था।
इससे पहले पुलिस को दी शिकायत में मृतका सोमा की मां हरमेल कौर ने बताया था कि उनकी बेटी सोमा की शादी गांव ढेर निवासी लखवीर सिंह के साथ 29 नवंबर 2019 को हुआ था। सोमा के पति का अपनी भाभी के साथ नाजायज संबंध है। उनकी बेटी जब इस बात का विरोध करती है, तो उसका पति मारपीट करता है तथा उसकी सास गुड्डी कौर व जेठानी उसका साथ देती है। रविवार को सोमा का उनके पास फोन आया कि उसके पति, सास व जेठानी झगड़ा कर रहे हैं। फिर शाम को सूचना मिली कि सोमा की मौत हो गई है। जब वे वहां पहुंचे तो उनकी बेटी फंदे पर पंखे से लटकी हुई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या कर उसे पंखे से टांगा गया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि सोमा के शरीर पर जगह जगह मारपीट के निशान भी थे। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पहले चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे शव को लेकर सड़क पर बैठ जाएंगे।
-
पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतका के पति लखबीर को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण का पता चलेगा, जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-शमशेर सिंह, डीएसपी, टोहाना