फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कर्ण कोट किले में संग्रहालय बना न भूना में एसटीपी हुआ पूरा

विज्ञापन
भूना में निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट। - फोटो : Fatehabad
विज्ञापन
फतेहाबाद। प्रदेश सरकार का बजट एक बार फिर आने वाला है। पिछले साल की तरह ही इस बार भी जिलावासियों को बजट से बड़ी उम्मीदें हैं। मगर हर बार बजट में घोषणाओं का पिटारा खुल जाता है, लेकिन धरातल पर जनता को लाभ नहीं मिल पाता है। पिछले साल के बजट की स्थिति ऐसी है, कि फतेहाबाद जिले के हिस्से आई छह योजनाओं में से सिर्फ दो ही सिरे चढ़ पाई है। हालात ऐसे हैं कि बजट में की जाने वाली घोषणा पर पहले से काम चल रहा होता है, लेकिन अगला बजट सत्र आने तक भी काम पूरा नहीं हो रहा है। यही कारण है कि पुरातत्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण गांव भट्टू में कर्ण कोट किले में न संग्रहालय बन पाया है और न ही भूना में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम पूरा हुआ है।
विज्ञापन

ये हैं जिले में हुई घोषणाओं का हाल...
घोषणा नंबर एक : कर्ण कोट किले में संग्रहालय
भूना क्षेत्र के गांव भट्टू में कर्ण कोट किले पर पुरातत्व संग्रहालय का निर्माण करने की मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की थी। संग्रहालय में ऐतिहासिक जानकारियां उपलब्ध करवाने व शोध कार्य करने का दावा किया गया था। करीब दो साल पहले कर्ण कोट किले में कई ऐतिहासिक व दुर्लभ वस्तुएं पाई गई थी। पिछले एक साल में संग्रहालय बनाने को लेकर कोई विशेष काम नहीं हुआ है। अभी भी ग्रामीणों को संग्रहालय बनाए जाने का इंतजार है।
घोषणा नंबर दो : सूक्ष्म सिंचाई योजना
इस योजना के तहत उन खेतों तक पानी पहुंचाया जाना था, जहां सिंचाई संभव नहीं है। मगर किसानों में जागरूकता की कमी के कारण इस योजना का बड़ा पैमाने पर लाभ नहीं मिल पाया है। इस योजना में पुराने खालों को बदलने का काम हो रहा है। मगर फतेहाबाद डिविजन में सिर्फ चार खालों पर काम हुआ है। हालांकि, 12 और खालों की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है। इस कारण धरातल पर यह योजना बड़े बदलाव नहीं ला पाई है।
विज्ञापन

घोषणा नंबर तीन : भूना में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम 40 फीसदी बाकी
पिछले बजट में भूना में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट संबंधी घोषणा की गई थी। हालांकि, यह घोषणा भी पुरानी ही थी। कुलां रोड पर करीब पांच एकड़ जगह में बनने वाले इस प्लांट का निर्माण कार्य साल 2019 में शुरू हो गया था। जिसे दिसंबर 2021 में पूरा किया जाना था। मगर अभी तक 60 फीसदी काम ही पूरा हुआ है। सौ फीसदी निर्माण कार्य पूरा होकर प्लांट शुरू करने में अभी और समय लगेगा।
घोषणा नंबर चार : फतेहाबाद में बेहतर सीवरेज व्यवस्था
पिछले बजट में फतेहाबाद शहर में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने की घोषणा की गई थी। हालांकि, यहां बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को अपग्रेड कर दिया गया है। प्लांट अपग्रेड होने के बाद सीवरेज व्यवस्था में सुधार हुआ है।
घोषणा नंबर पांच : फतेहाबाद व टोहाना में बारिश के पानी की निकासी
भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार ने पिछली बार फतेहाबाद व टोहाना में बारिश के पानी की निकासी की घोषणा की थी। इस घोषणा के तहत टोहाना में काम हुआ है। मगर यह काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। फतेहाबाद शहर के लोगों को अभी भी बारिश के पानी की निकासी व्यवस्था में सुधार के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
घोषणा नंबर छह : पानीपत से डबवाली एक्सप्रेसवे
पानीपत से डबवाली एक्सप्रेस वे बनाने का काम फिलहाल कागजों में ही चल रहा है। पानीपत से रतिया व भूना होते हुए डबवाली तक एक्सप्रेस वे बनाए जाने की योजना थी। इससे रतिया व भूना क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ा जाना था। मगर यह योजना भी अभी पाइप लाइन में ही है।
कोट
बजट की घोषणाएं महत्वपूर्ण होती हैं। कई बड़ी घोषणाओं पर काम होने में समय लगता है। हर घोषणा पर काम होगा। नए बजट सत्र में और भी मांगें रखी जाएंगी।
-दुड़ाराम, विधायक, फतेहाबाद
भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार सिर्फ घोषणाएं करना जानती है, उन्हें सिरे चढ़ाने के लिए काम नहीं होता। बजट में की गई जिले की अधिकांश घोषणाएं लंबित पड़ी हैं। जिलावासियों को आज भी इन घोषणाओं के सिरे चढ़ने का इंतजार है।
विज्ञापन

-डॉ. विनीत पूनिया, राष्ट्रीय मीडिया सचिव, कांग्रेस
प्रदेश सरकार बजट में जो भी घोषणा करे, उसे समय अनुसार पूरा किया जाना चाहिए। भूना एसटीपी का काम तो अब तक पूरा हो जाना चाहिए था।
-हरबंस लाल सेठी, प्रधान, वरिष्ठ नागरिक परिषद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें